दहेज, पति का अफेयर, रीलबाजी और ब्यूटी पार्लर, ग्रेटर नोएडा की निक्की भाटी के मर्डर की सनसनीखेज कहानी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 25 अगस्त 2025 (14:49 IST)
Nikki Bhati murder case of Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटी हत्याकांड में अलग-अलग एंगल सामने आ रहे हैं। इस मामले में सिर्फ दहेज ही एक कारण नहीं है। निक्की के ससुराल के लोगों को उसका रील बनाना पसंद नहीं था। ब्यूटी पार्लर चलाने को लेकर भी परिवार में झगड़ा होता था। पति विपिन भाटी के अफेयर की बातें भी सामने आ रही हैं। इस बीच, पुलिस ने इस मामले में अब तक 4 लोगों पति, सास, ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। 
 
क्या कहा बहन कंचन ने : ससुराल के लोगों पर आरोप है कि उन्होंने निक्की को जलाकर मार दिया। बताया जा रहा है कि लाखों रुपए का दहेज मिलने के बाद भी विपिन का निक्की साथ बुरा बर्ताव था। एक जानकारी के मुताबिक निक्की की बहन कंचन का विवाह भी उसी परिवार में हुआ है। कंचन के मुताबिक निक्की के ससुराल वाले विपिन की दूसरी शादी करना चाहते थे और वे निक्की से पीछा छुड़ाना चाहते थे। वे चाहते थे कि निक्की घर से चली जाए। कंचन के मुताबिक उसके साथ भी परिवार वालों ने बुरी तरह मारपीट की, जिसके चलते वह पूरे दिन बेहोश पड़ी रही। 
 
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें निक्की को पीटते हुए और घसीटते हुए दिखाया गया है। आग लगने के बाद उसे सीढ़ियों से उतरने हुए दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि निक्की और कंचन दोनों ही सोशल मीडिया पर रील अपलोड करती थीं, जो कि विपिन और उसके भाई रोहित को पसंद नहीं था। इस बीच, पुलिस सच्चाई का पतालगेने में जुटी है। 
 
क्या है पूरा मामला : ग्रेटर नोएडा में निक्की नाम की एक महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। यह घटना 21 अगस्त को सिरसा गांव की है, जहां निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने कथित तौर पर बेरहमी से पीटा और फिर आग लगा दी। 
 
पुलिस के अनुसार, निक्की को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। निक्की की बहन कंचन ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है और उसी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निक्की के पति विपिन, सास दया, ससुर सतवीर और जेठ रोहित भाटी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी