Winter Health Tips : जानिए सर्दियों के मौसम में क्या करें और किन चीजों से रहें दूर

ठंड का मौसम शुरू हो चुका है, और धीरे-धीरे यह ठंड अपने चरम पर पहुंचेगी। ठंड का यह मौसम सेहत से लेकर खूबसूरती तक के लिए वरदान की तरह है। इस मौसम में आप अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, और त्वचा को भी। लेकिन मौसम के अनुसार कुछ सावधानियां रखनी भी जरूरी है, ताकि ठंड आपके लिए फायदेमंद साबित हो। बदले हुए इस मौसम में आपको कुछ बातों का ध्यान रखना है। जानिए ठंड के मौसम में सेहत के लिए क्या करें और क्या न करें - 
 
1  बदलते हुए मौसम में शरीर खुद को मौसम के अनुकूल आसानी से नहीं ढाल पाता। खास तौर से बच्चों और बुजुर्गों को मौसम के अनुकूल होने में समय लगता है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता युवाओं की अपेक्षा कम होती है। ऐसे में सावधानियां न बरती जाए, तो वे जल्दी बीमार भी हो जाते हैं। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान दें।
 
2  इस मौसम में ठंड के कारण सर्दी, जुकाम और सांस संबंधी रोग अधि‍क होते हैं जिनसे बचने के लिए शरीर में गर्मी बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए प्रतिदिन धूप लें और सुबह-शाम सैर पर जाएं। इससे शरीर में प्राकृतिक रूप से गर्मी बनी रहेगी।
 
3 सुबह उठकर अगर आपको पानी पीने की आदत है, तो यह बहुत अच्छी बात है। लेकिन ठंड के मौसम में गुनगुना या गरम पानी पीने की आदत बनाएं। इससे शरीर का तापमान बढ़ेगा और आंतरिक अंग सही तरीके से कार्य करेंगे।
 
4  इस मौसम में घर से बाहर जाते समय अपने साथ गर्म कपड़ों और स्कार्फ को जरूर रख लें, ताकि लौटते समय अगर शाम हो जाए तो आपको ठंडी हवाओं और सर्द मौसम का सामना न करना पड़े। यह तरीका आपको बीमार नहीं होने देगा।
 
5  भोजन में गरम मसालों को शामिल करें। मसाले आपके शरीर को आंतरिक गर्मी प्रदान करेंगे। इसके अलावा अदरक वाली चाय और लौंग, गुड़ व हल्दी का काढ़ा सोते समय पिएं। अगर दूध पीते हैं, तो हल्दी डालकर पिएं। यह सर्दी और बीमारियों से बचाएगी।
 
6  इस मौसम में ठंडी व खट्टी चीजों व खाद्य पदार्थों का प्रयोग न करें। यह आपको बीमार कर सकते हैं। फ्रिज में रखी चीजों का प्रयोग निकालने के कुछ समय बाद करें जब वे सामान्य तापमान पर आ जाएं। 
 
7  ठंड में मौसमी हरी सब्जियों की भरमार होती है। इस भरपूर उपयोग करें। चाहें तो इनका ताजा सूप बनाकर पिएं। यह आपको गर्मी के साथ-साथ पोषण भी देगा। सलाद का प्रयोग भी बुरा नहीं है।
 
8  जब भी सुबह सैर पर जाएं तो ध्यान रखें कि उगते हुए सूरज की धूप आपकी छाती पर आनी चाहिए। इस तरह से आपको विटामिन डी मिलता है और शरीर में गर्मी आती है जो बनी रहती है।
 
9 शारीरिक और बालों की मसाज पर विशेष ध्यान दें ताकि‍ रूखापन न रहे। अन्य तेलों के साथ ही सरसों का तेल इस मौसम में फायदेमंद होता है, क्योंकि यह गर्म होता है। हो सके तो खाने में भी सरसों के तेल का प्रयोग करें।
 
10 नहाने के लिए गुनगुने या हल्के गर्म पानी का प्रयोग करें और नहाने के तुरंत बात त्वचा को तौलिए से पोंछ कर मॉश्चराइजर लगाएं ताकि वह त्वचा के अंदर तक समा जाए और रूखापन न रहे।
 
11 बाल धोने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करें और उससे पहले तेल की मालिश जरूर करें। बाल सुखाने के बाद ही बाहर निकलें। अन्यथा सर्दी लग सकती है और बाहर की हवा से बाल खराब हो सकते हैं।
 
12  इस मौसम में सूखे मेवों का भरपूर सेवन करें। इससे दिमाग में तरावट होगी और स्मरण शक्ति के साथ-साथ सेहत व खूबसूरती भी बढ़ेगी। इस मौसम में ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करें और आइसक्रीम जैसी चीजों से भी।
 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी