मोदी बोले, कांग्रेस विकास की दुश्मन, हिमाचल में स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत

बुधवार, 9 नवंबर 2022 (16:40 IST)
चंबी/सुजानपुर (हिमाचल प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन वाली स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस को अस्थिरता, भ्रष्टाचार और घोटालों के लिए जिम्मेदार ठहराया। कांगड़ा में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस यदि राज्य में सरकार बनाती है तो केवल विकास को बाधित ही करेगी।
 
कांगड़ा जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उस पर केंद्र की सत्ता में रहने के दौरान राज्य के साथ विश्वासघात करने का आरोप भी लगाया। राज्य के कांगड़ा जिले में सर्वाधिक विधानसभा सीट हैं। कांगड़ा में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस यदि राज्य में सरकार बनाती है तो केवल विकास को बाधित ही करेगी। इसके बाद मोदी ने सुजानपुर में भी एक रैली को संबोधित किया।
 
उन्होंने कांग्रेस पर सेना प्रमुख का अपमान करने और सैनिकों की तुलना गुंडों से करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल उठाए थे, जिसमें पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों को भी निशाना बनाया गया था।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए देश और जवानों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं ने नया इतिहास रचने का मन बना लिया है और भाजपा की सरकार तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार केवल दो राज्यों-राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बची है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने कभी वहां से विकास की खबरें सुनी हैं, वहां से कांग्रेस के भीतर मचे घमासान की खबरें आती हैं।
 
मोदी ने तमिलनाडु, बिहार, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल के उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जनता में इतना गुस्सा है कि उसे दशकों से कई राज्यों में दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं मिला है। प्रधानमंत्री ने अनेक राज्यों में सत्ता में रहने के बाद भाजपा के दोबारा सरकार में आने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की पहचान जनता के बीच सुशासन और गरीब समर्थक नीतियों की है और इसलिए वह बार-बार सरकार में आती है।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वही कहती है, जो कर सकती है और फिर अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाती है। मोदी ने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की जड़ें अब भी परिवार के शासन और वोट बैंक की राजनीति में हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी