296 रनों पर सिमटी भारत की पारी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टाला फॉलोऑन

शुक्रवार, 9 जून 2023 (18:35 IST)
World Test Championship Final विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत ने अजिंक्य रहाणे (89) और शार्दूल ठाकुर (51) के शानदार अर्धशतकों की बदौलत 296 रन बना लिए हैं। आज के दिन भारत ने 5 विकेट खोकर 145 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के 469 रनों से भारत 173 रन पीछे है।ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस ने तीन जबकि स्कॉट बोलैंड और मिशेल स्टार्क ने दो-दो विकेट लिये।

151 पर 5 के बाद भारत की शुरुआत खराब रही और विकेटकीपर केएस भरत को बोलैंड ने बोल्ड कर दिया। लेकिन इसके बाद हुई अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर की अर्धशतकीय पारी ने ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेला और फिर 100 रनों से ज्यादा की यह साझेदारी जब टूटी तो भारत फॉलोऑन के स्कोर से कुछ ही दूर खड़ा था। शार्दुल ठाकुर ने कुछ दर्शनीय शॉट्स खेले और शमी ने कुछ चौके जड़े जिससे भारत 296 रनों तक पहुंच पाया और फॉलोऑन की शर्मिंदगी से बच पाया।

#TeamIndia post 296 in the first innings.

 for Ajinkya Rahane
 for Shardul Thakur
 for Ravindra Jadeja

Australia's second innings now underway.

Scorecard  https://t.co/0nYl21pwaw #WTC23 pic.twitter.com/SDZBzNXjKY

— BCCI (@BCCI) June 9, 2023
शार्दुल को शून्य रन पर एक जीवनदान तब मिला जब बोलैंड की गेंद पर उस्मान ख्वाजा उनका कैच नहीं लपक सके। उन्होंने इसका फायदा उठाते हुए बोलैंड के दूसरे ओवर में दो चौके लगाये। शार्दुल को दूसरा जीवनदान तब मिला जब पैट कमिंस की गेंद पर कैमरन ग्रीन ने स्लिप में उनका कैच गिरा दिया।

इसी बीच, दूसरे छोर पर खड़े रहाणे ने कमिंस को छक्का लगाकर 92 गेंद में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने कुछ देर बाद कैमरन ग्रीन की गेंद पर दो रन लेकर टेस्ट क्रिकेट में 5000 रन पूरे किये। रहाणे जब 71 रन के स्कोर पर खेल रहे थे तब डेविड वॉर्नर ने स्लिप में उनका कैच गिराकर उन्हें मैच का दूसरा जीवनदान दिया।
रहाणे और शार्दुल ने ऑस्ट्रेलिया की इन गलतियों को भुनाते हुए 59वें ओवर में 100 रन की साझेदारी पूरी करते हुए भारत को 250 रन के पार पहुंचाया। शार्दुल इसके फौरन बाद पवेलियन लौट सकते थे लेकिन कमिंस ने उन्हें जिस गेंद पर पगबाधा किया वह नो बॉल निकली।

भारत ने लंच से पहले छह विकेट के नुकसान पर 260 रन बना लिये। सत्र के अंत तक भारत अच्छी स्थिति में लग रहा था, लेकिन रहाणे और शार्दुल के बाद उसके पास कोई बल्लेबाज नहीं बचे थे। लंच के बाद दूसरे ओवर में ही ग्रीन ने दर्शनीय कैच पकड़कर रहाणे को 89 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। करीब 18 महीने बाद टीम में वापसी कर रहे रहाणे ने 129 गेंद की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया, हालांकि उनके विकेट के साथ भारत का संघर्ष भी समाप्त हो गया।

रहाणे के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम तीन विकेट लेने में ज्यादा समय व्यर्थ नहीं किया। शार्दुल ने कमिंस को चौका लगाकर 108 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया, लेकिन 51 रन के स्कोर पर ग्रीन ने उनकी पारी समाप्त की। इसी बीच, कमिंस ने उमेश यादव को जबकि मिचेल स्टार्क ने मोहम्मद शमी को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया।कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया के लिये सर्वाधिक तीन विकेट लिये, जबकि स्टार्क, बोलैंड और ग्रीन को दो-दो विकेट हासिल हुए। नेथन लायन ने मात्र चार ओवर डालकर एक सफलता हासिल की।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी