राष्‍ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में आज NDA का शक्ति प्रदर्शन

शुक्रवार, 24 जून 2022 (08:09 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति पद के लिए NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज दोपहर साढ़ 12 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगी। द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में आज NDA अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी।
 
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्‍ठ पार्टी नेता मौजूद रहेंगे।
 
मुर्मू की ओर से नामांकन पत्र के 4 सेट दाखिल किए जाएंगे। एक सेट में 50 प्रस्तावक होते हैं। भाजपा और राजग के लगभग सभी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री प्रस्तावक होंगे। पहले सेट के पहले प्रस्तावक संभवत: नरेंद्र मोदी होंगे।
 
नामांकन के दौरान ओडिशा की सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के प्रतिनिधि के रूप में राज्य सरकार के 2 वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। बीजद ने मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।
 
वाईएसआर कांग्रेस ने राष्ट्रपति पद के लिए राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने कहा कि यह एक अच्छा संकेत है कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में आदिवासी समुदाय की एक महिला को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। इसलिए, वाईएसआर कांग्रेस उन्हें अपना समर्थन देती है।
 
नामांकन दाखिल करने के बाद मुर्मू सभी राज्यों का दौरा करेंगी और अपने लिए समर्थन जुटाएंगी। राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होना है। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो मुर्मू की जीत की संभावना प्रबल है। यदि वह जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी