Indore Bagger News : इंदौर को भिक्षुक मुक्त बनाने के अभियान के दौरान एक ऐसा करोड़पति भिखारी सामने आया जिसकी संपत्ति ने सभी को दांतों तले अंगुलियां चबाने को मजबूर कर दिया। शहर के सराफा बाजार में रेंगकर चलने वाले इस दिव्यांग, जिसे लोग असहाय समझकर दान देते थे, वास्तव में करोड़ों की संपत्ति का स्वामी निकला है।
मांगीलाल नामक इस व्यक्ति के पास शहर के विभिन्न इलाकों में तीन मकान हैं। उसके पास एक लग्जरी कार और तीन ऑटो रिक्शा भी हैं। इतना ही नहीं वह भीख से एकत्रित हुई बड़ी रकम को सराफा बाजार के छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को ऊंचे ब्याज पर उधार देता था। वह हर हफ्ते इन दुकानदारों के पास जाकर अपना ब्याज वसूलता था। प्रशासन अब उसकी आय के स्रोतों और उसकी संपत्तियों के कानूनी दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रहा है।
प्रशासन की पुनर्वास टीम ने जब उससे पूछताछ की तो पता कि मांगीलाल की औसत कमाई 500 से 1,000 रुपए प्रतिदिन है। जब उसे पुनर्वास केंद्र ले जाने की बात कही, तब उसने बताया कि वह कोई साधारण भिखारी नहीं है, बल्कि उसके पास काफी संपत्ति है।