पुलिस पहले ही सोनम, राज, आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या की धारा 103 (I), अपराध के सबूतों को मिटाने की धारा 238 (a) और आपराधिक षड्यंत्र की धारा 61 (2) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि पुलिस को अभी भी फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने पर आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और बलबीर अहिरबार को भी आरोपी बनाया गया है। जेम्स, तोमर और अहिरवार को सबूत नष्ट करने और छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल तीनों जमानत पर बाहर हैं।
गौरतलब है कि इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी। शादी के बाद राजा और सोनम अपने हनीमून के लिए मेघायल पहुंचे, जहां से 23 मई को दोनों लापता हो गए। बाद में जंगल से राजा का शव बरामद हुआ। लापता सोनम 8 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली। पूछताछ में सोनम ने राजा की हत्या की बात स्वीकारी। इसके बाद पुलिस ने हत्या में शामिल आकाश, विशाल और आनंद को गिरफ्तार किया। बाद में राज कुशवाहा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।