अमीर अमेरिकी महिला ने भारतीय को सताया

गुरुवार, 1 मार्च 2012 (18:16 IST)
अमेरिका में एक अमीर महिला को भारतीय मूल की नौकरानी के उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह भारतीय महिला यहां अवैध रूप से रह रही थी।

अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक एनी जॉर्ज (39) और उसके पति ने इस महिला को अल्बानी स्थित अपने आवास में छह वर्षों तक दयनीय स्थिति में रखा। वर्ष 2009 में एनी के पति की एक विमान हादसे में मौत हो गई थी।

केरल से ताल्लुक रखने वाली इस महिला की शिनाख्त ‘वीएम’ के रूप में हुई है। उसे प्रतिघंटा काम के लिए 85 सेंट दिए जाते थे, जबकि उसे एक हजार डॉलर प्रति माह के वेतन का वादा किया गया था।

उससे प्रतिदिन 17 घंटे तक काम लिया जाता था। अनुमान लगाया गया है कि उसे इतने वर्षों के काम के बदले सिर्फ 29,000 डॉलर मिले, हालांकि उसे कम से कम 2 लाख 6 हजार डॉलर मिलने चाहिए थे।

पूछताछ के दौरान इस महिला ने बताया कि उसे 1998 में यहां गैर आव्रजक वीजा पर संयुक्त राष्ट्र के एक कर्मचारी के घर काम करने के लिए लाया गया था। एनी के यहां उसे तंग कमरे में रखा गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें