अब स्वीडन में भी भारतवंशी अमेरिकी राजदूत

शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (14:34 IST)
-शोभना जैन

वॉशिंगटन। भारतवंशी  रिचर्ड्‍स राहुल वर्मा को भारत में अपना राजदूत नियुक्त किए जाने के बाद  अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक अन्य भारतीय मूल की अमेरिकी अज़िता राजी को स्वीडन में अमेरिका का अगला राजदूत मनोनीत किया है। तिरेपन वर्षीय सुश्री राजी को ओबामा का काफी विश्वस्त माना जाता है। ओबामा के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने ओबामा के चुनाव प्रचार के लिए फंड जमा करने में भी काफी अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं।

कैलिफोर्निया के पूर्व इनवेस्टमेंट बैंकर सुश्री राजी ओबामा के चुनाव प्रचार के दौरान नेशनल वाइस चेयर ऑफ फाइनेंस के पद पर नियुक्त थीं। इस चुनाव प्रचार के लिए उन्होंने करीब पांच लाख अमेरिकी डॉलर का फंड भी जुटाया था। स्वीडन में बतौर राजदूत मनोनीत करते हुए ओबामा ने उनकी तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहतर प्रशासक और बेहतर इंसान बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजदूत के तौर पर भी उनका काम सराहनीय रहेगा।

इसके अलावा उन्होंने एक सहयोगी के तौर पर भी उनके काम की सराहना की। राजी फिलहाल प्रेजीडेंट कमीशन ऑन व्हाइट हाउस फैलोशिप के सदस्य भी हैं। राजी पिछले काफी समय से अमेरिका के गैर सामाजिक संगठनों के अलावा स्मिथसोनियन नेशनल प्रोट्रेट गैलरी की आयुक्त भी रह चुकी हैं। वर्ष 2013 में वह  महिलाओ के अग्रणी संस्थान नेशनल पार्टनरशिप ऑफ वूमेन एंड फैमिली के निदेशक पद पर भी काम कर चु्की हैं। वह कोलंबिया बिजनेस स्कूल के एडवाइजरी बोर्ड के मेंबर के अलावा इसके ट्रस्टी और इसकी एक्जीक्यूटिव कमेटी की सदस्य भी हैं।

गौरतलब है कि दो माह पूर्व ही गत सितंबर में राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रिचर्डस राहुल वर्मा को भारत मे नया अमेरिकी राजदूत नियुक्त किया था। वे पहले भारतवंशी है जिन्हें अमरीका ने भारत में अपना राजदूत नियुक्त किया है। पैंतालीस वर्षीय वर्मा राष्ट्रपति ओबामा के साथ-साथ पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के भी विश्वस्त माने जाते हैं। वे फिलहाल अमेरिकी प्रशासन के अनेक जिम्मेदार पदों से जुड़े हुए हैं। वर्मा अमेरिकी वायुसेना से भी जुड़े रहे हैं तथा उन्हें उस दौरान कई वीरता पदकों से सम्मानित किया जा चुका है। जल्द ही वे भारत में अपना नया कार्यभार ग्रहण करेंगे। (वीएनआई)

वेबदुनिया पर पढ़ें