अल्बानिया में 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके, 68 लोग घायल

रविवार, 22 सितम्बर 2019 (10:27 IST)
तिराना। अल्बानिया में शनिवार को आए भूकंप के जोरदार झटके के बाद फिर से आए दो झटकों के कारण घायल हुए लोगों की संख्या बढ़कर 68 हो गई।
 
रक्षा मंत्री ओल्टा शाका ने यह जानकारी दी। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई। राजधानी तिराना के पास बंदरगाह शहर डुरेस से चार मील उत्तर में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए जिसके बाद आए दो और झटकों से इलाके में हड़कंप मच गया। इससे पहले की रिपोर्ट में भूकंप के कारण घायलों की संख्या 52 बताई गई थी।
 
शाका ने कहा कि पिछले 30 वर्षों के दौरान आए भूकंप के झटकों में सबसे शक्तिशाली था। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक इस हादसे में 68 लोग घायल हुए हैं। भूकंप के कारण 46 इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
 
स्वास्थ्य मंत्री ओगर्टा मनस्तिरलिउ ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए राजधानी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। भूकंप के कारण हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी