भूकंप से थर्राया इंडोनेशिया, सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त

गुरुवार, 19 अप्रैल 2018 (12:18 IST)
जकार्ता। मध्य इंडोनेशिया में बुधवार को भूकंप से 3 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। इसकी तीव्रता 4.4  थी। इंडोनेशिया में अधिकारियों ने 2 सप्ताह के आपातकाल की घोषणा करते हुए गुरुवार को यह जानकारी दी।
 
इंडोनेशिया की मौसम एवं भू-भौतिकी एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जावा प्रांत के घनी आबादी वाले जिले केबुमेन से 52 किलोमीटर उत्तर में 4 किलोमीटर की गहराई पर था।
 
मध्य जावा की आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख सारवो प्रमाना ने बताया कि प्रांत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। 2 व्यक्तियों और 13 वर्षीय 1 लड़के की  मौत भूकंप के चलते ढही इमारतों के नीचे दबने से हुई।
 
उन्होंने बताया कि आपदा में घायल हुए 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 2,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रांत में 14 दिन के आपात राहत अवधि की घोषणा की गई है। 
राष्ट्रीय आपदा शमन एजेंसी सुतोपो पुरवो ने बताया कि भूकंप के चलते 300 से अधिक घरों के साथ कई स्कूलों एवं मस्जिदों को नुकसान पहुंचा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी