मिस्र के लापता विमान का मलबा मिला

शुक्रवार, 20 मई 2016 (15:52 IST)
काहिरा। मिस्र की सेना ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने गुरुवार को भूमध्य सागर में लापता हुए विमान का मलबा खोज लिया है और अब उसके ब्लैक बॉक्स की तलाश की जा रही है।
 
सेना ने एक बयान में कहा कि भूमध्यसागरीय तट पर स्थित शहर एलेक्जेंड्रिया से 290 किलोमीटर उत्तर में इजिप्ट एयरलाइंस के लापता विमान का मलबा मिला है। नौसेना को यात्रियों का कुछ सामान भी मिला है तथा ब्लैक बॉक्स की खोज जारी है। 
 
मिस्र का विमान गुरुवार को पेरिस से काहिरा के लिए रवाना होने के बाद भूमध्यसागर के आकाश में राडार के परदे से गायब हो गया था। 
 
विमान के लापता होने में तकनीकी खराबी की जगह आतंकवादी हमले की आशंका का अधिक अनुमान लगाया जा रहा है। ब्लैक बॉक्स मिलने और उसकी जाँच के बाद ही विमान दुर्घटना का वास्तविक कारण पता चल सकेगा। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें