ऑस्ट्रेलिया में हुआ मिस्र की ममियों का आभासी अनावरण

गुरुवार, 8 दिसंबर 2016 (18:16 IST)
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया में ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया की संयुक्त प्रदर्शनी में पहली बार आधुनिक स्कैनिंग तकनीक की मदद से मिस्र की तकरीबन 3,000 साल पुरानी ममियों का आभासी अनावरण और पुनर्निर्माण किया गया।
 
यहां के ब्रिटिश म्यूजियम में प्राचीन मिस्र की 900 ईपू और 140-180 ईसवी के बीच की 6 ममियों की त्रिआयामी तस्वीरें रखी गई थीं लेकिन इनका कभी वास्तविक अनावरण नहीं किया गया था। ये तस्वीरें इस बात की झलक पेश करती हैं कि हजारों साल पहले नील नदी के किनारे जीवन कैसा था?
 
सिडनी स्थित पॉवर हाउस म्यूजियम में, ब्रिटिश म्यूजियम के 'एंथ्रोपोलॉजी क्यूरेटर' डेनियल एंटोइन ने गुरुवार को कहा कि हम इन ममियों के सभी भौतिक अवशेषों के साथ इनके ऊपर इस्तेमाल की गई लेपन सामग्री की जानकारी का भी विस्तार से खुलासा कर रहे हैं। पहले कभी ऐसा नहीं किया गया। 
 
उन्होंने बताया कि हम लोगों को जो कुछ दिखा रहे हैं वह इनके अंदर की एकदम नई खोज है। इनमें से 2 ममियों को वर्ष 2014 में ब्रिटिश म्यूजियम में प्रदर्शित किया गया था और दुनिया के लिए पहली बार अन्य 4 का अनावरण शनिवार को सिडनी में शुरू होने वाले कार्यक्रम में किया जा रहा है।
 
एंटोइन ने कहा कि लंदन में रॉयल ब्रम्पटन हॉस्पिटल में दुनियाभर में चुनिंदा रूप से संचालित ड्युअल एनर्जी कम्प्युटेड टोमोग्राफी (सीटी) स्कैनर का इस्तेमाल कर इन ममियों की हजारों आकृतियां प्राप्त की गईं और फिर वाल्यूमेट्रिक सॉफ्टवेयर की मदद से त्रिआयामी मॉडल की रचना की गई।
 
ममी निर्माण पर हालिया साक्ष्य में पता चला है कि मृत्यु के बाद शवों को संरक्षित रखने के लिए विशिष्ट तरीके से ढंककर ममी तैयार करने की क्रिया 4500 ईपू में शुरू हुई थी। अगले साल इन ममियों को एशिया लाया जाना है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें