जी-20 : आइसक्रीम के साथ आई रूस-चीन के रिश्तों में गरमाहट

रविवार, 4 सितम्बर 2016 (17:46 IST)
हांगझोऊ। मॉस्को और बीजिंग के बीच बेहद गर्मजोशी वाले संबंध होने के बावजूद रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन अपने चीनी समकक्ष के लिए बहुत ही ठंडा तोहफा लाए हैं। वे आइसक्रीम से भरा बक्सा लेकर आए हैं।
 
पूर्वी चीन के हांगझोऊ शहर में सरकारी अतिथि गृह में राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा स्वागत किए जाने के दौरान पुतिन ने अपने इस ठंडे-ठंडे तोहफे के स्वाद के बारे में कुछ नहीं कहा। पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए रविवार को यहां पहुंचे हैं।
 
पुतिन ने कहा कि मैंने आपके लिए यह लाने का वादा किया था और अब मैं आइसक्रीम का पूरा बक्सा लेकर आया हूं। शी ने रूस के राष्ट्रपति को इस तोहफे के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि मॉस्को की कई यात्राओं के दौरान उन्हें रूसी आइसक्रीम का स्वाद भाने लगा है।
 
रूसी प्रतिनिधिमंडल के अनुसार शी ने कहा कि जब भी मैं रूस गया हूं, मैं उनसे अपने लिए रूसी आइसक्रीम खरीदने को कहता हूं और उसके बाद हम आइसक्रीम को घर में खाते हैं।
 
उन्होंने कहा कि आप जो ताजा क्रीम इस्तेमाल करते हैं, वह सर्वोत्तम है और इसी कारण आपकी आइसक्रीम इतनी लजीज होती है। मुझे यह बहुत पसंद है। दोनों नेताओं ने समूह-20 शिखर सम्मेलन से इतर रविवार को भेंट की। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें