India in UNSC : सयुंक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वथनेनी हरीश ने महिलाओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर पाकिस्तान पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सिर्फ झूठ बोलकर पूरी दुनिया का ध्यान भटकाता है। उन्होंने 1971 के ऑपरेशन सर्चलाइट का जिक्र करते हुए दावा किया कि पाकिस्तान की सेना ने करीब 4 लाख महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार किया था।
बहस के दौरान हरीश ने कहा कि UN में हर साल पाकिस्तान भारत की कड़ी आलोचना करता है। खासकर जम्मू-कश्मीर को लेकर, जिसे वह हथियाना चाहता है। पाकिस्तान वह देश है जो अपने ही देश पर बमबारी करता है और नरसंहार करता है। ऐसा देश केवल दुनिया का ध्यान भटकाने की कोशिश कर सकता है।
हरीश ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान में हुए ऑपरेशन सर्चलाइट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान वही देश है जिसने 1971 में ऑपरेशन सर्चलाइट चलाया था और अपनी ही सेना द्वारा अपने ही देश के कई नागरिकों को मार दिया गया था। इतना ही नहीं, करीब 4 लाख महिलाओं के साथ पाकिस्तान की सेना ने सामूहिक बलात्कार किया था। दुनिया अब पाकिस्तान के इस झूठे प्रचार को समझ गई है।
उन्होंने कहा कि भारत ने महिला शांति सैनिकों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि डॉ. किरण बेदी, भारत की पहली आईपीएस अधिकारी, 2003 में संयुक्त राष्ट्र पुलिस डिवीजन की पहली महिला पुलिस सलाहकार बनीं। उन्होंने कहा कि अब यह सवाल नहीं है कि महिलाएं शांति मिशनों में काम कर सकती हैं या नहीं। सवाल यह है कि क्या शांति मिशन महिलाओं के बिना संभव हैं?