जहरीली शराब पीने से पाकिस्तान में 22 की मौत

मंगलवार, 27 दिसंबर 2016 (13:18 IST)
लाहौर। मध्य पाकिस्तान के एक शहर में क्रिसमस के मौके पर जहरीली शराब पीने वाले दस और लोगों की आज मौत के बाद मृतकों की संख्या 22 हो गई।
 
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि टोबा टेक सिंह शहर में बीस से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मुबारकाबाद क्रिश्चियन कॉलोनी में शराब के सेवन के बाद इन लोगों की हालत बिगड़ गई थी।
 
अंग्रेजी दैनिक 'द न्यूज' के मुताबिक अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें फैसलाबाद के अलाईड अस्पताल ले जाया गया है।
 
घटना की जांच के लिए प्रशासन ने जांच समिति गठित की है। घटना यहां से लगभग 200 किमी दूर टोबा टेक सिंह जिले की क्रिश्चियन कॉलेनी में 24 दिसंबर को हुई।
 
घर में बनी जहरीली शराब पीने वाले 30 से ज्यादा लोगों की हालत बिगड़ गई थी। पुलिस के मुताबिक जहरीली शराब बनाने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें