आतंकवाद के विरुद्ध सदैव डटकर खड़ा रहेगा भारत : सुमित्रा महाजन

सोमवार, 19 सितम्बर 2016 (23:22 IST)
कैंप ऑकलैंड। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा है कि 'वसुधैव कुटुम्बकम' का प्रबल समर्थक भारत आतंकवाद के विरुद्ध सदैव डटकर खड़ा रहेगा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर लड़ाई जारी रखेगा। 
लोकसभा अध्यक्ष ने बारामुला जिले में उड़ी में आतंकी हमले में जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया और इस बात को रेखांकित किया कि 'वसुधैव कुटुम्बकम' का प्रबल समर्थक भारत आतंकवाद के विरुद्ध सदैव डटकर खड़ा रहेगा।
 
उन्होंने यह भी कहा कि भारत राज्य प्रायोजित आतंकवाद के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर लड़ाई जारी रखेगा। सुमित्रा महाजन ने सोमवार को कहा कि सोमवारादी मिलने के सात दशकों में भारत की सबसे बड़ी और उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही है कि इसने धर्मनिरपेक्षता और समावेशी और समतावादी विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ-साथ संसदीय लोकतंत्र पर आधारित सक्रिय शासन व्यवस्था को न केवल कायम रखा है बल्कि इसे मजबूत भी किया है।
 
उन्होंने कहा, स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से ही भारतीयों ने चुनावी और शासन प्रक्रियाओं में बहुत जोश और उत्साह से भाग लिया है और इस प्रकार विश्व में सबसे बड़े प्रतिनिधि लोकतंत्र की स्थापना करने और इसे मजबूत करने में बहुत मदद की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लोकतंत्र और सुशासन के साझा मूल्यों को ध्यान में रखते हुए भारत और न्यूजीलैंड अपने संबंधों को नई उंचाइयों पर ले जाएंगे।
 
महाजन ने यह आग्रह भी किया कि चूंकि विश्व में भारत तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था वाले देश के रूप में उभर रहा है इसलिए दोनों देश अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और न्यूजीलैंड को अपने व्यापारिक और आर्थिक संबंधों की पूर्ण क्षमता का उपयोग करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने चाहिए। 
 
लोकसभा अध्यक्ष न्यूजीलैंड के दौरे पर गए भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सरकारी पदाधिकारियों, संसदीय शिष्टमंडलों और मैत्री ग्रुपों के आदान-प्रदान से परस्पर महत्व के विषयों पर विचारों का आदान प्रदान करने के लिए एक आदर्श मंच उपलब्ध होता है।
 
महाजन न्यूजीलैंड संसदीय मैत्री ग्रुप के सह अध्यक्ष महेश बिंद्रा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें