अफगानिस्तान में सुरक्षा बलों ने नाटो सेना की मदद से शहर के एक मशहूर होटल को आतंकवादियों के कब्जे से मुक्त कराए जाने के बाद नाटो ने इस आतंकवादी हमले के पीछे तालिबान से जुड़े आतंकवादी गुट हक्कानी का हाथ होने की बात कही है।
अफगानिस्तान में नाटो सेना के कमांडर जनरल जान एलेन ने कहा कि अफगानी सुरक्षा बल और यहां काम कर रही गठबंधन सेना अच्छी तरह से जानती है कि यह हमला तालिबान से जुडे आतंकवादी गुट हक्कानी ने किया है।
यह आतंकवादी गुट लगातार निर्दोष अफगानी नागरिकों को निशाना बनाता रहा है और पाकिस्तान की सुरक्षा के लिए अफगानिस्तान की सम्प्रभुता का उल्लंघन करके यहां हमलों को अंजाम देता रहा है। यह गुट पाकिस्तान से अफगानिस्तान के खिलाफ हमलों को अंजाम देता है।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक सिद्दीकि के अनुसार हमले में 12 से 15 नागरिक, दो होटल गार्ड तथा एक पुलिसकर्मी के साथ पांचों हमलावर आतंकवादी मारे गए।
कारघा झील के किनारे बने प्रसिद्ध स्पोझमई होटल पर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने शुक्रवार रात हमला करके वहां मौजूद लोगों को बड़ी संख्या में बंधक बना लिया था। उस समय होटल में एक पार्टी चल रही थी। आतंकवादियों ने रॉकेट चालित ग्रेनेड (आरपीजी) और स्वचालित रायफलों से हमले को अंजाम दिया।
होटल में मौजूद भयाक्रांत कई लोगों ने हमले से बचने के लिए झील में छलांग लगा दी, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। (वार्ता)