चेन्नई को 5वीं बार जिताया IPL खिताब, संन्यास पर क्या बोले महेंद्र सिंह धोनी

मंगलवार, 30 मई 2023 (07:28 IST)
Mahendra Singh Dhoni News : चेन्नई सुपर किंग्स को 5वां खिताब दिलाने के बाद आईपीएल से संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि दर्शकों के प्यार को देखते हुए उन्हें तोहफा देने के लिए वह अगले सत्र में फिर खेलेंगे।
 
इस सत्र की शुरुआत से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि यह धोनी का आखिरी सत्र होगा। हर मैदान पर दर्शकों ने उन पर जिस तरह से प्यार लुटाया, उससे इसकी संभावना और प्रबल होती नजर आ रही थी।
 
गुजरात टाइटंस पर फाइनल में 5 विकेट से जीत के बाद धोनी से जब पूछा गया कि क्या यह उनका आखिरी सत्र है, उन्होंने कहा कि अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिए संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है। मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं लेकिन अगले 9 महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है।
 
उन्होंने कहा कि शरीर को साथ देना होगा। चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिए मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं। उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिये कुछ करना चाहिए।
 
धोनी ने कहा कि यह मेरे कैरियर का आखिरी दौर है। यहीं से शुरुआत हुई थी और पूरा स्टेडियम मेरा नाम ले रहा था। ऐसा चेन्नई में भी हुआ था लेकिन मैं वापसी करके जितना खेल सकता हूं, खेलूंगा। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी