IPL 2023 में मैदान के भीतर और बाहर संजू सैमसन बन रहे हैं एमएस धोनी की परछाई

बुधवार, 3 मई 2023 (15:06 IST)
MS Dhoni एमएस धोनी शुरू से लेकर अब तक सभी कप्तानों के लिए आदर्श रहे हैं। कठिन और जोखिम भरी परिस्थितियों में निर्णय लेने का उनका धैर्य ही है, जिसने उन्हें 'Captain Cool' का खिताब दिलाया है। वे सिर्फ एक खिलाड़ी के रूप में ही बेमिसाल नहीं रहे हैं, बल्कि नेतृत्व करने के गुण भी उनमें भरपूर निहित हैं। कप्तानी के ये गुण कुछ ही लोगों में देखने मिलते हैं। पिछले सीज़न से, Rajasthan Royals/ राजस्थान रॉयल्स के लिए अपनी कप्तानी और खेल के माध्यम से Sanju Samson संजू सैमसन भी कई लोगों को प्रभावित कर रहे हैं।

उनके संयम और शिष्टता की हमेशा ही सराहना की जाती है और अब आईपीएल 2023 में, उन्हें एमएस धोनी की परछाई कहा जाने लगा है। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं, जबकि संजू राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाल रहे हैं, जो उनकी अपार प्रतिभा का प्रमाण है। यह बात और है कि एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की बागडौर एक दशक से अधिक समय से संभाल रहे हैं, वहीं संजू सैमसन को पहली बार आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान की जिम्मेदारी लेने के लिए चुना गया था।

धोनी की तरह ही संजू की सबसे प्रमुख विशेषता उनका शांत स्वभाव है, लेकिन इसके बावजूद उनके पास अपने खिलाड़ियों से जुड़ने और उन्हें जोड़े रखने की अद्भुत क्षमता है। स्पिनर्स के संबंध में उनके फैसले हमेशा ही सही रहे हैं। उनकी यही बात उन्हें  एक आदर्श लीडर बनाती है। संजू एक टीम के रूप में सामूहिक रूप से खेलकर जीतने का बखूबी हुनर रखते हैं। मैच में संजू के द्वारा बनाया गया एक-एक रन उनकी कुशलता का बखान करता है। उनके निर्णय हमेशा ही उनकी टीम के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत रहे हैं। सैमसन के पास परिस्थितियों के अनुकूल सही खिलाड़ियों को चुनने का उल्लेखनीय कौशल है, जैसे कि रॉयल्स के लिए धुरंधर गेंदबाजी के लिए स्पिनर्स का चयन या फिर लक्ष्य का पीछा करने के लिए यशस्वी जायसवाल और हेतमार का चयन।

हाल ही में, हरभजन सिंह ने भी राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि सैमसन को अपनी काबिलियत पर उतना ही भरोसा है, जितना एमएस धोनी को। आईपीएल 2023 में, टूर्नामेंट को किकस्टार्ट करने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ने सनराइज़र्स हैदराबाद के खिलाफ एक शानदार अर्धशतक के साथ अपनी क्षमता को दर्शाया है। हरभजन की मानें, तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान सैमसन, स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों दोनों से कुशलता से निपटने की विशेष क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन कुल धोनी की तरह ही, सैमसन भी दबाव वाली परिस्थितियों से निपटना बखूबी जानते हैं, इसलिए वे अपनी क्षमता पर दृढ़ता से विश्वास करते हैं।

हरभजन सिंह अकेले नहीं हैं, जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स के संजू सैमसन और चेन्नई सुपर किंग्स के एमएस धोनी के बीच समानताएँ देखी हैं। बल्कि भारतीय लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल का भी मानना है कि सैमसन और महान पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी में कई समान विशेषताएँ हैं। उनके नेतृत्व कौशल की प्रशंसा करते हुए, चहल ने कहा, "आईपीएल में, संजू सैमसन निश्चित रूप से मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। मुझे ऐसा लगता है कि वे महेंद्र सिंह धोनी के समान हैं, क्योंकि वे भी बहुत शांत व्यवहार रखते हैं। विगत एक वर्ष में एक गेंदबाज के रूप में मैंने विकास के सफर में जो 10 प्रतिशत की बढ़त देखी है, वह सब संजू की वजह से है।"

आईपीएल में संजू सैमसन का प्रदर्शन वास्तव में एमएस धोनी की याद दिलाता है। मैदान के भीतर और बाहर के उनके कौशल की फैंस काफी तारीफें कर रहे हैं और अनुमान लगा रहे हैं कि उनमें धोनी के कुछ और गुण भी शामिल हो सकते हैं। देखना यह है कि इस सीज़न में सैमसन और कौन-से मुकाम हासिल करते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी