2013 से अपना पहला मैच हारती आ रही Mumbai Indians, CSK के कोहि 'नूर' के आगे हुई ढेर, 4 विकेटों से मिली हार

WD Sports Desk

रविवार, 23 मार्च 2025 (23:24 IST)
CSK vs MI IPL 2025 :अफगानिस्तान के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर नूर अहमद (18 रन देकर चार विकेट) के यादगार पदार्पण के बाद कप्तान रूतुराज गायकवाड (53 रन) और रचिन रविंद्र (नाबाद 65 रन) के अर्धशतक से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से शिकस्त दी।
 
रचिन रविंद्र ने 45 गेंद का सामना करते हुए अपनी नाबाद पारी में दो चौके और चार छक्के जमाये। उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
 
पारी का आगाज करने के बजाय तीसरे नंबर पर उतरे गायकवाड ने 26 गेंद की पारी के दौरान छह चौके और तीन छक्के जड़े। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 67 रन की साझेदारी निभाई।

ALSO READ: मैं व्हीलचेयर पर भी...रिटायरमेंट को लेकर धोनी ने तोड़ी चुप्पी, कही बड़ी बात

सीएसके ने टॉस जीतकर नूर अहमद के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 पर रोक दिया। इसमें सीएसके लिए नूर अहमद के अलावा खलील अहमद ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके।
 
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके के लिए रचिन रविंद्र और गायकवाड के अलावा रविंद्र जडेजा ने रन आउट होने से पहले 17 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका जिसमें मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों विशेषकर आईपीएल में पदार्पण करने वाले केरल के बायें हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर (32 रन देकर तीन विकेट) का अहम योगदान रहा।

ALSO READ: BCCI कॉन्ट्रैक्ट और MI से ड्राप होने के बाद ईशान किशन ने IPL 2025 का पहला शतक जड़ दिया करारा जवाब

 
चौबीस साल के पुथुर ने गायकवाड, शिवम दूबे और दीपक हुड्डा के विकेट झटके। रचिन रविंद्र ने अंत में पुथुर की गेंदों पर दो छक्के जड़कर दर्शकों का मनोरंजन किया।


रविंद्र जडेजा के आउट होने के बाद जैसे ही महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे, दर्शकों के शोर से उनकी खुशी बयां हुई जो उनसे विजयी रन बनाने की उम्मीद लगाये थे क्योंकि तब जीत के लिए केवल चार रन चाहिए थे। पर रचिन रविंद्र ने छक्का जड़कर घरेलू मैदान पर टीम को जीत दिलाई।

ALSO READ: सारे के सारे राक्षस...SRH ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, सोशल मीडिया पर मीम्स देख हो जाएंगे लोटपोट

इससे मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद से अपना शुरूआती मैच नहीं जीतने का अजीब रिकॉर्ड बरकरार रखा।
 
इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मुंबई इंडियंस तिलक वर्मा 31 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उसके लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव 29 रन का ही योगदान दे सके। अंत में दीपक चाहर ने 15 गेंद में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।


नूर अहमद ने जहां मुंबई इंडियंस के मध्य क्रम को ध्वस्त किया तो वहीं खलील अहमद ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (शून्य) और रेयान रिकलटन (सात गेंद में 13 रन) को पावरप्ले में पवेलियन भेज दिया।
 
हमेशा की तरह सीएसके ने अपनी घरेलू मैदान पर चेपक की पिच पर शुरूआती विकेट झटके। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद रोहित सबसे पहले आउट हुए, उन्होंने खलील की गेंद को फ्लिक करने का प्रयास किया और मिड-विकेट पर शिवम दुबे के हाथों कैच आउट हुए, तब टीम का खाता भी नहीं खुला था।


 
मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेल रहे रिकलटन अपनी संक्षिप्त पारी के दौरान अच्छे दिख रहे थे लेकिन जल्द ही खलील का दूसरा विकेट बन गए।
 
सीएसके में 10 साल बाद वापसी कर रहे आर अश्विन ने अपने पहले ओवर में ही विकेट झटककर स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया। जब विल जैक्स उनकी गेंद पर मिड-ऑफ पर दुबे को आसान कैच थमा बैठे।
 
सूर्यकुमार यादव (26 गेंद) और फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा (25 गेंद) ने 51 रन की साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाया।
 
लेकिन एम एस धोनी ने नूर अहमद की गेंद पर मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान को स्टंप आउट कर दिया। धोनी ने दिखाया कि वह हमेशा की तरह स्टंप के पीछे फुर्तीले हैं और सूर्यकुमार के अपने बल्ले को पूरी तरह स्विंग करने से पहले ही गिल्लियां गिर गईं।
 
सूर्यकुमार ने हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में टीम की अगुआई की जो पिछले सत्र में धीमी ओवर गति के प्रतिबंध के कारण इस मैच में नहीं खेल सके।
 
नूर अहमद के दोहरे झटकों के बाद मुंबई इंडियंस की उम्मीद ही टूट गई। उन्होंने रॉबिन मिंज को आउट किया और फिर दो गेंद बाद तिलक को गुगली से पवेलियन भेजा।
 
नूर अहमद का चौथा विकेट नमन धीर का था जिन्हें उन्होंने बोल्ड किया। अंत में दीपक चाहर ने दो चौके और दो छक्के लगाकर स्कोर 150 तक पहुंचाया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी