गूगल ढूंढेगा आपका गुम हुआ स्मार्ट फोन

गुरुवार, 16 अप्रैल 2015 (17:20 IST)
नई दिल्ली। यदि आप अपना एंड्रायड फोन कार में भूल जाएं या फोन घर में कहीं  छूट जाए तो सर्च इंजन गूगल अब आपकी मदद स्मार्टफोन खोजने में कर सकता है।

गूगल ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि व्यक्ति डेस्कटॉप पर गूगल सर्च का इस्तेमाल कर यह काम  कर सकता है। उसे बस जरूरत होगी ‘फाइंड माई फोन’ टाइप करने की और फोन का उचित स्थान  आपको दिख जाएगा।

हालांकि व्यक्ति को यह सुनिश्चित करने की जरूरत होगी कि उसने अपने पंजीकृत फोन पर गूगल एप का नवीनतम संस्करण डाल रखा है या नहीं। एंड्रायड डिवाइस मैनेजर व्यक्ति को उसके फोन की घंटी बजाने की सहूलियत देगा जिसका इस्तेमाल कर वह अपना फोन ढूंढ सकता है।

साथ ही उसे यह भी  सुनिश्चित करना होगा कि स्मार्टफोन का लोकेशन सर्विस चालू हो जिससे गूगल उसे ढूंढ सके। इस खूबी का इस्तेमाल कर व्यक्ति फोन चोरी होने या गुम होने पर फोन लॉक कर सकता है और  उसके डाटा मिटा सकता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें