श्रीनगर में पारा लुढ़ककर शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा

बुधवार, 13 दिसंबर 2023 (16:15 IST)
श्रीनगर। श्रीनगर में मंगलवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां पारा लुढ़ककर शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। कश्मीर में शीतलहर जैसे हालात के बीच बीती रात पूरी कश्मीर घाटी में पारा शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने कहा कि श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। उन्होंने कहा कि पिछली रात जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। रविवार को यहां का तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
 
अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में शामिल अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
काजीगुंड में पारा शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग में शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि 15 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन सप्ताहांत में हल्की बारिश होने की संभावना है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी