कर्नाटक में ईवीएम बंद उम्मीदवारों की किस्मत, करीब 68 प्रतिशत मतदान

बुधवार, 10 मई 2023 (21:00 IST)
Voting in Karnataka elections : कर्नाटक विधानसभा चुनाव की वोटिंग खत्म हो गई है।   इस बार चुनाव में करीब 68 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि मतदान का प्रतिशत गुरुवार सुबह तक अपडेट होगा। पिछले 2018 विधानसभा चुनाव में 72% वोटिंग हुई थी। कर्नाटक की 224 सीटों पर 2614 उम्मीदवार मैदान में हैं।
कर्नाटक में करीब 68 प्रतिशत मतदान
-कर्नाटक में शाम 5 बजे तक 65.69 फीसदी मतदान। 
-कर्नाटक में वोटिंग के दौरान एक 23 वर्षीय महिला ने पोलिंग बूथ पर दिया बच्चे को जन्म। बेल्लारी स्थित कुर्लागिंडी गांव में महिला अधिकारियों और महिला मतदाताओं ने बच्चे को जन्म देने में उसकी मदद की।
-कर्नाटक में दोपहर 3 बजे तक 52.02 प्रतिशत मतदान
-कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को दोपहर एक बजे तक लगभग 37.25 प्रतिशत मतदान होने की खबर है।
-निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक तटीय उडुपी जिले में सबसे अधिक 47.79 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका क्षेत्र में सबसे कम 29.41 प्रतिशत मतदान होने की खबर है।
-कर्नाटक में सुबह 11 बजे तक 20.99% मतदान, कुमारस्वामी का दावा- JDS फिर बनेगी किंगमेकर
-कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के शुरुआती दो घंटों में 8.21 प्रतिशत मतदान।
-कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, आईटी क्षेत्र के दिग्गज एन. आर. नारायणमूर्ति और उनकी पत्नी सुधा मूर्ति तथा मैसुरु के शाही परिवार की सदस्य राजमाता प्रमोदा देवी ने बुधवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद वोट डाला।
-तुमकुरु स्थित सिद्धगंगा मठ के संत सिद्धलिंग स्वामीजी, अभिनेता रमेश अरविंद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर और राज्य सरकार के मंत्रियों आर. अशोक, अरागा ज्ञानेंद्र, सी.एन. अश्वथ नारायण और के. सुधाकर ने भी किया मतदान।
-मुख्यमंत्री बोम्मई ने हावेरी जिले के शिग्गांव में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने बेंगलुरु के जयनगर में वोट डाला।
-पंजाब के जालंधर में भी सुबह 7 बजे से डाले जा रहे हैं वोट।
-ओडिशा में झारसुगुडा विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी।
-अभिनेता प्रकाश राज ने किया मतदान।
-कर्नाटक में 5.31 करोड़ लोग करेंगे मतदान, 13 मई को आएंगे चुनाव परिणाम।
-राज्य में 2.66 करोड़ पुरुष और 2.63 करोड़ महिला मतदाता हैं।
-कर्नाटक में 5.71 लाख दिव्यांग, 80 साल या इससे अधिक उम्र के 12.15 लाख और 100 वर्ष की आयु के 16 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं।
-कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा अपने परिवार के साथ शिकारीपुर के श्री हुच्चराय स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।
-जालंधर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के लोगों विशेषकर युवाओं से की वोट डालने की अपील
-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‍डा ने भी लोगों से की वोट डालने की अपील।
-कांग्रेस ने पहले बीएस येदियुरप्पा और फिर बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के तहत कथित भ्रष्टाचार को लेकर ‘40 फीसदी कमीशन सरकार’ के मुद्दे को जोरशोर से उछालकर चुनावी बढ़त हासिल करने की कोशिश की तो भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘करिश्मे’ और ‘डबल इंजन’ सरकार के फायदे गिनाते हुए जनता को साधने की भरपूर कोशिश की।
-विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने ‘पांच गारंटी’ के साथ ही कई कल्याणकारी उपायों और रियायतों की घोषणा की तथा कुल आरक्षण को मौजूदा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का वादा किया है।
-हालांकि, इसके घोषणापत्र में बजरंग दल और पहले से ही प्रतिबंधित कट्टरपंथी इस्लामी निकाय पीएफआई जैसे संगठनों पर प्रतिबंध सहित कड़ी कार्रवाई, और मुसलमानों के लिए चार प्रतिशत कोटा बहाल करने जैसे वादों ने भाजपा को इन्हें अपने पक्ष में भुनाने का मौका दे दिया। इसी उम्मीद में भाजपा ने हिंदुत्व के अपने मुद्दे को बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी