Karnataka Elections : मैसूर में PM मोदी की सुरक्षा में चूक, रोड शो के दौरान गाड़ी की तरफ फेंका गया मोबाइल

रविवार, 30 अप्रैल 2023 (22:47 IST)
 
मैसुरु। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार के लिए विशेष रूप से तैयार वाहन के जरिए रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर एक मोबाइल फोन फेंका गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रोड शो के दौरान भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता से ‘उत्साह’ में फोन हाथ से गिर गया, हालांकि उसने किसी दुर्भावना से ऐसा नहीं किया।

फोन गाड़ी के बोनट पर गिरकर नीचे गिर गया। हालांकि, प्रधानमंत्री की नजर इस पर पड़ी और उन्होंने साथ में चल रहे विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के अधिकारियों को उस वस्तु की ओर इशारा किया।
 
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) आलोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि प्रधानमंत्री एसपीजी के सुरक्षा घेरे में थे। महिला (जिसका फोन प्रधानमंत्री के वाहन पर गिर गया था) भाजपा कार्यकर्ता थी। एसपीजी के लोगों ने बाद में फोन उसे वापस कर दिया।
 
उन्होंने कहा कि उत्साह में यह फेंका गया और महिला की कोई गलत मंशा नहीं थी। हालांकि हम महिला का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
 
यह घटना तब हुई जब मैसुरु-कोडागु के सांसद प्रताप सिम्हा और पूर्व मंत्रियों केएस ईश्वरप्पा और एसए रामदास के साथ प्रधानमंत्री मोदी सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में एकत्र लोगों की तरफ हाथ हिला रहे थे। भाषा Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी