अमेरिकी संग्रहालय में होगा नैनो का प्रदर्शन

रविवार, 20 दिसंबर 2009 (18:15 IST)
FILE
नैनो को अगले साल यहाँ के प्रसिद्ध संग्रालय में तीन माह के लिए विशेष आकषर्ण के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

न्यूयॉर्क के कूपर-हैवेट नेशनल डिजाइन म्यूजियम के ग्रेट हॉल में चमकीली एवं सुनहरी पीले रंग की नैनो को प्रदर्शित किया जाना है। इसके साथ ही इस कार के चित्र और कार के विचार व्यक्त करने वाली एक लघु फिल्म भी प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह प्रदशर्नी 18 फरवरी से शुरू होकर 25 अप्रैल 2010 तक चलेगी।

ऐतिहासिक एवं समकालीन डिजाइन के प्रति समर्पित संग्रहालय के वरिष्ठ अधिकारी कारा मैक्कार्टी ने कहा कि कूपर हैवेट मिशन डिजाइन और तकनीक क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित संस्था है और टाटा नैनो ने भारत में इस क्षेत्र में बेहतर काम किया है। उन्होंने बताया कि हम संग्रहालय में इसे प्रदर्शित करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। इस प्रदर्शनी के दौरान बहुत सारे निवेशक इसे पहली बार देखेंगे।

इस समय नैनो का विनिर्माण उत्तराखंड के पंतनगर कारखाने में बहुत सीमित संख्या में किया जा रहा है। वर्ष 2010 तक नैनो के लिए गुजरात के साणंद में एक करखाना लगाया जाना है। इस संयंत्र से उत्पादन शुरू होने के बाद नैनो की उत्पादन क्षमता प्रति वर्ष साढ़े तीन लाख कार हो जाएगी।

जुलाई में पहली नैनो को मुंबई निवासी रघुनाथ विचारे को सौंपा गया था। इसके बाद अमेरिका और यूरोपीय बाजारों के लिए इसे परिष्कृत संस्करण तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें