सोना हुआ 31 हजारी, चांदी भी चमकी

मंगलवार, 16 जनवरी 2018 (17:33 IST)
नई दिल्ली। डॉलर की तुलना में रुपए में बड़ी गिरावट के कारण मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए चमककर चार महीने से अधिक के उच्चतम स्तर 31050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 100 रुपए की बढ़त में डेढ़ माह से अधिक के उच्चतम स्तर 40,300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। दोनों कीमती धातुओं के दाम लगातार पांचवें दिन चढ़े हैं।
 
 
विदेशी बाजारों में सोने में गिरावट रही। दुनिया की छह अन्य प्रमुख मुद्राओं वाला डॉलर का सूचकांक चढ़ने से सोना हाजिर 4.55 डॉलर टूटकर 1,336.80 डॉलर प्रति औंस रह गया। डॉलर के मजबूत होने से अन्य मुद्रा वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे मांग घटती है और कीमतों में नरमी आती है। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 2.70 डॉलर की बढ़त में 1,337.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी हाजिर 0.19 डॉलर लुढ़ककर 17.15 डॉलर प्रति औंस पर रही। 
 
स्थानीय बाजार में सोने की मांग सुस्त रही। इस बीच डॉलर की तुलना में रुपए के करीब एक फीसदी लुढ़कने से पीली धातु में तेजी देखी गई। सोना हाजिर 100 रुपए की बढ़त में 8 सितंबर 2017 के बाद के उच्चतम स्तर 31,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 30900 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 50 रुपए मजबूत होकर 24800 रुपए के भाव बिकी।
 
चांदी हाजिर 100 रुपए चमककर 40300 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यह पिछले साल 27 नवंबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। चांदी वायदा 85 रुपए की बढ़त में 39665 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी की चमक सिक्कों में भी दिखी। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए चढ़कर क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहे। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी