पुलिस बनने के लिए नहीं देनी होगी लिखित परीक्षा!

बुधवार, 20 मई 2015 (11:32 IST)
झांसी। उत्तरप्रदेश सरकार पुलिस भर्ती में एक बड़ा फेरबदल करने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार पुलिस भर्ती की प्रक्रिया को आसान बनाने जा रही है। पुलिस में बगैर लिखित परीक्षा के भर्तियां की जाएंगी।
नौजवानों को केवल फिजिकल टेस्ट व इंटरव्यू देना होगा तथा अंकतालिकाएं दिखानी होंगी। इसके तहत राज्य में होने वाली लगभग 40 हजार भर्तियों में अब लिखित परीक्षा समाप्त हो सकती है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। पुलिस में 40 हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। जल्द ही चालीस हजार भर्तियां और की जाएंगी।
 
उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में नौजवानों को कड़ी लिखित परीक्षा से गुजरना होता है। लेकिन, आने वाले दिनों में सरकार ऐसा कोई रास्ता निकालेगी, जिससे लिखित परीक्षा विहीन भर्ती प्रक्रिया की जा सके। 

वेबदुनिया पर पढ़ें