भारतीय एक दिवसीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी अब एड्स के खिलाफ जागरूकता बढ़ाएँगे। धोनी अपने संदेश में एड्स के खिलाफ लड़ाई के अलावा पोलियो के खिलाफ अभियान को भी आगे बढ़ाएँगे।
एक छोटी सी फिल्म में वे बच्चों को स्कूल जाने और पढ़ाई करने का संदेश देंगे। धोनी के कार्य की सराहना करते हुए झारखंड के स्वास्थ्यमंत्री भानू प्रताप साही ने कहा कि माही को इस समय विज्ञापन फिल्मों की शूटिंग से करोड़ों मिलते हैं, लेकिन इस कार्य के लिए उन्होंने कुछ भी नहीं लिया।
धोनी अपने एक संदेश में कहते हैं कि 'मैं रोज देश के लिए क्रिकेट खेलता हूँ, लेकिन आज मैं एड्स के बारे में कहूँगा।' इस विज्ञापन की शूटिंग रविवार तक जारी रहने की संभावना है।
एक अन्य संदेश में धोनी कहते हैं कि 'शिक्षा आत्मसम्मान के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए अपने बच्चों को स्कूल भेजें।' इन संदेशों का प्रसारण रेडियो माध्यमों से किया जाएगा। जबकि फिल्मों का प्रसारण स्थानीय टीवी चैनलों और दूरदर्शन पर किया जाएगा। धोनी इस समय अपने घर पर आराम कर रहे हैं।