पद्म विभूषण सम्मान से सचिन अभिभूत

रविवार, 27 जनवरी 2008 (11:41 IST)
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने देश के दूसरे सर्वोच्च सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा को अपने लिए सपने के सच होने जैसा अनुभव बताया है।

फिलहाल यहां पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा और आखिरी क्रिकेट टेस्ट खेल रहे सचिन ने कहा कि यह सम्मान उन्हें मिले दूसरे पुरस्कारों से कहीं अधिक मायने रखता है।

सरकार ने शुक्रवार को ही खेल को दिए गए बेहतरीन योगदान के लिए सचिन को पद्म विभूषण पुरस्कार देने की घोषणा की थी। इससे पहले उन्हें पद्मश्री पुरस्कार भी मिल चुका है।

उन्होंने कहा कि मैंने अब तक कई पुरस्कार और ट्राफियाँ जीती हैं लेकिन यह उन सबमें ऊपर है। भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाला यह सम्मान वास्तव में मेरे लिए बेहद खास है। मैं कई वर्षों से खेल रहा हूँ और जब सरकार आपके प्रयास को मान्यता देकर आपको देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ नागरिक पुरस्कार से सम्मानित करती है तो वह बहुत ही खास बन जाता है।

उन्होंने बताया कि पद्म विभूषण मिलने की जानकारी सबसे पहले उन्हें पत्नी अंजलि ने दी। उन्होंने कहा क‍ि मैं यह सुनकर बेहद रोमांचित हो गया था, लेकिन फिलहाल मैच चल रहा है लिहाजा खेल पर ही ध्यान केंद्रित किए रखना जरूरी है।

सचिन ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले अन्य लोगों को भी मुबारकबाद देते हुए ने कहा कि उनके जैसी महान शख्सियतों के साथ सूची में शामिल होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। यह वास्तव में एक ऐसा पल है जिसके बारे में बस सपने में ही सोचा जा सकता है।

सचिन उन पाँच खेल हस्तियों में शामिल हैं जिन्हें सरकार ने पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की है। सचिन के अलावा शतरंज की दुनिया के बादशाह विश्वनाथन आनंद और माउंट एवरेस्ट पर विजय पताका फहराने वाले पहले पर्वतारोही दिवंगत एडमंड हिलेरी को भी पद्म विभूषण मिला है, जबकि भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान बाइचुंग भूटिया और तैराक बुला चौधरी को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें