बीसीसीआई ज्यादा जवाबदेह बने

बुधवार, 31 अगस्त 2011 (19:04 IST)
राष्ट्रीय खेल विकास विधेयक को केन्द्रीय मंत्रिमंडल में मंजूरी नहीं मिलने के एक दिन बाद केन्द्रीय खेल मंत्री अजय माकन ने बुधवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को अपनी कार्यशैली को लेकर ज्यादा जवाबदेह होने की जरूरत है।

माकन ने यहां संवाददाताओं से कहा प्रस्तावित खेल विधेयक का उद्देश्य खेल संघों को अधिक पारदर्शी और सक्षम बनाना है। हमारा इस विधेयक के जरिये राष्ट्रीय खेल महासंघों पर नियंत्रण बनाने का कोई इरादा नहीं है।

खेल मंत्री ने कहा मंत्रिमंडल की बैठक में कल क्या हुआ, मैं उस पर कुछ नहीं कहना चाहता। मैं सिर्फ खेल मंत्रालय और अपना स्टैंड दोहरा रहा हूं। हम किसी भी तरह से खेल महासंघों या खेल निकायों पर नियंत्रण बनाने की कोई कोशिश नहीं कर रहे हैं।

माकन ने कहा हम यह भी नहीं चाहते कि हमारा कोई प्रतिनिधि इन खेल संघों के प्रबंधन में किसी रूप में मौजूद रहे। हम उन्हें दिशानिर्देशित भी नहीं करना चाहते। वे अपने प्रबंधन में किसी को भी रख सकते हैं चाहे वे सांसद हो या फिर मंत्री। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें