टेस्ट विशेषज्ञों ने किया मैच अभ्यास, भारत ए-न्यूजीलैंड ए का मैच ड्रॉ

सोमवार, 19 नवंबर 2018 (21:11 IST)
माउंट माउंगानुई (न्यूजीलैंड)। अनुभवी मुरली विजय तथा युवा पृथ्वी शॉ और हनुमा विहारी ने भारत 'ए' और न्यूजीलैंड 'ए' के बीच सोमवार को यहां अनिर्णीत समाप्त हुए पहले अनधिकृत टेस्ट मैच में अर्द्धशतक लगाकर अच्छा मैच अभ्यास किया। भारत 'ए' मैच के चौथे और अंतिम दिन 65 ओवरों में 3 विकेट पर 247 रन बनाए जिसके बाद मैच ड्रॉ समाप्त घोषित कर दिया गया।
 
 
सलामी बल्लेबाज विजय और शॉ ने क्रीज पर अच्छा समय बिताया और पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। विजय ने 60 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 113 गेंदें खेलीं और 8 चौके लगाए। पृथ्वी शॉ ने 50 रनों की आकर्षक पारी खेलकर जता दिया कि भारतीय शीर्षक्रम में अभी उनकी जगह पक्की है।
 
टेस्ट उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी नाबाद 41 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चुनौतीपूर्ण श्रृंखला से पहले अच्छा मैच अभ्यास किया। हनुमा विहारी ने नाबाद 51 और मयंक अग्रवाल ने 42 रन बनाए। भारत 'ए' ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 467 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 'ए' ने 9 विकेट पर 458 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित की थी।
 
भारतीय टीम ने सोमवार सुबह अपनी दूसरी पारी बिना किसी नुकसान के 35 रन से आगे खेलना शुरू किया। शॉ ने 35 रनों से पारी आगे बढ़ाई और जल्द ही अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया। वे हालांकि इसके तुरंत बाद डग ब्रेसवेल की गेंद पर विल यंग को कैच दे बैठे। शॉ और विजय ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की।
 
विजय को देखकर लग रहा था कि वे अधिक से अधिक समय क्रीज पर बिताने के उद्देश्य से ही मैदान पर उतरे हैं। उन्होंने किसी तरह का जोखिम नहीं लिया। फॉर्म में चल रहे अग्रवाल उनका साथ देने के लिए आए और इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। अग्रवाल ने अधिक आक्रामकता दिखाई तथा 6 चौके और एक छक्का लगाया।
 
ब्लेयर टिकनर ने अग्रवाल को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। विजय भी इसके तुरंत बाद थियो वान वोरकोम की गेंद पर कैच देकर पैवेलियन लौट गए। रहाणे और विहारी ने इसके बाद अगले 25 ओवरों तक बल्लेबाजी की विहारी थोड़ा आक्रामक होकर खेले। उन्होंने 63 गेंदों की पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी