INDvsPAK मैच कीड़ों से प्रभावित हुआ, 15 मिनट तक हुआ कोलोंबो में छिड़काव (Video)

WD Sports Desk

रविवार, 5 अक्टूबर 2025 (20:22 IST)
INDvsPAK भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेला जा रहा महिला विश्व कप का मैच 15 मिनट के लिए रुका रहा, क्योंकि मैदान पर कीड़ों के झुंड को हटाने के लिए फ़्यूमिगेशन किया गया। इससे पहले भी खेल एक बार रुका था, जब इससे हल्के तरीकों से कीड़ों को हटाने की कोशिश की गई थी।

हालांकि फ़्यूमिगेशन का असर ज़्यादा देर तक नहीं रहा। माना जा रहा है कि ये कीड़े, पंख वाले दीमक थे, जो स्टेडियम की फ़्लडलाइट्स की तरफ आकर्षित होकर फिर से मैदान पर वापस लौट आए। खेल दोबारा शुरू होने के 10 मिनट के अंदर ही कीड़े फिर से आने लगे और खेल में देरी करते रहे। पाकिस्तान की ऑफ स्पिनर रमीन शमीम को 38वें ओवर में आंख से कीड़ा निकलवाना पड़ा।

कीड़े भारत की पारी के लगभग 20वें ओवर के आसपास नजर आने लगे, जब सूरज ढल रहा था। भारत के बल्लेबाज़ों और पाकिस्तान के गेंदबाज़ों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ी। नशरा संधू को ख़ास तौर पर इस झुंड से दिक्कत हुई। पारी के 28वें ओवर में पांच गेंदों के बाद संधू और कप्तान फ़ातिमा सना ने बग स्प्रे मंगवाया और उसे गेंदबाज़ी क्रीज और अपने कपड़ों पर लगाया।

कीड़ों की वजह से जब पहली बार खेल रुका, तो उसी दौरान ड्रिंक्स ब्रेक भी जल्दी ले लिया गया, लेकिन कीड़े मैदान के बीच में ही उड़ते रहे।

Never before seen on a cricket field. The cricket field being cleared of insects #INDvsPAK #WomensWorldCup2025 #colombo pic.twitter.com/akJvBpFXqe

— Santosh Menon (@santoshm) October 5, 2025
34 ओवर पूरे होने के बाद खेल फिर से रोका गया और खिलाड़ी मैदान से बाहर चले गए। इस दौरान गैस मास्क पहने एक शख़्स फ़्यूमिगेशन मशीन (फ़ॉगिंग मशीन) लेकर मैदान पर आया। कुछ ही मिनटों में पूरा मैदान धुएं से ढक गया। धुआं साफ होने के बाद खेल दोबारा शुरू हुआ।

श्रीलंका में कीड़ों की वजह से खेल रुकना आम नहीं है, लेकिन ऐसा पहले भी हुआ है। कुछ प्रजातियों के दीमक ख़ासकर बरसाती मौसम में बारिश के बाद झुंड बनाकर निकलते हैं। इस मैदान पर शनिवार को बारिश हुई थी, जब श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया का मैच बिना गेंद फेंके रद्द करना पड़ा था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी