धोनी के संन्यास के सवाल पर सौरव गांगुली का बड़ा बयान

शनिवार, 28 दिसंबर 2019 (18:48 IST)
नई दिल्ली। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने शनिवार को कहा कि महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में भारतीय कप्तान विराट कोहली और चयनकर्ताओं से जरूर बात की होगी।

धोनी वनडे विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं जिससे उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।

गांगुली ने इंडिया टुडे के ‘इंस्पिरेशन’ के ताजा एपिसोड में कहा कि उन्‍होंने कप्तान से बात की है और मुझे यकीन है कि चयनकर्ताओं से भी बात की होगी।

मुझे नहीं लगता कि इस बारे में बात करने के लिए यह कोई मंच है। उन्होंने 2 बार के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान की तारीफ करते हुए कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी मिलना मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि यह धोनी का फैसला होगा कि वे क्या करना चाहते हैं। मैंने उनसे बात नहीं की है, लेकिन वे चैंपियन हैं। वे भारतीय क्रिकेट के चैंपियन हैं।

गांगुली ने कहा कि आपको एमएस धोनी जल्दी नहीं मिलेंगे, लेकिन यह उन्हें तय करना है कि वे खेलना चाहते हैं या नहीं। यह उनका फैसला होगा।

धोनी ने अपने भविष्य के बारे में बात करने से अभी तक इंकार किया है। मुंबई में एक कार्यक्रम में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के सवाल पर कहा था कि जनवरी 2020 के बाद यह सवाल पूछा जाए।

हाल ही में भारत के आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत पाने के सवाल पर गांगुली ने कहा कि वे विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री को इस पर बात करने के लिए कहेंगे।

भारत ने आखिरी बार 2013 में आईसीसी टूर्नामेंट जीता था, जब धोनी की अगुवाई में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में इंग्लैंड को मात दी थी। गांगुली ने कहा कि इस बारे में बात करनी होगी। मैं विराट और रवि से बात करूंगा।

अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में भारत की संभावनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि भारत जीत सकता है। मेरे पास कुछ सुझाव हैं, लेकिन मैं सार्वजनिक रूप से उस पर बात नहीं करूंगा। भारत को पहले बल्लेबाजी करने पर कई बार दिक्कत आई है, जिसमें सुधार करना होगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी