भारत ने दिल्ली टेस्ट में श्रीलंका पर शिकंजा कसा

रविवार, 3 दिसंबर 2017 (16:38 IST)
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में दूसरे दिन रविवार को जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली (243) का रिकॉर्डतोड़ 6ठा दोहरा शतक देखने को  मिला तो वहीं श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने दूसरे सत्र में बार-बार दिल्ली के प्रदूषण को लेकर  आपत्ति उठाते हुए अचानक से विवाद पैदा कर दिया। 
 
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दूसरे सत्र में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के प्रदूषण के कारण बार-बार खेल रोके जाने से तंग आकर भारत की पहली पारी 7 विकेट पर 536 रन पर  घोषित कर दी। श्रीलंका ने इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 44.3  ओवरों में 3 विकेट पर 131 रन बना लिए हैं और वह अभी भारत के स्कोर से 405 रन  पीछे है। 
 
प्रदूषण की बात उठाकर दूसरे सत्र में 3-4 बार खेल रुकवाने वाली श्रीलंकाई टीम को उसकी पारी की पहली ही गेंद पर झटका लगा, जब दिमुथ करुणारत्ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी  की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। पारी के 6ठे ओवर में ईशांत शर्मा ने धनंजय  डी'सिल्वा (1) को पगबाधा कर दिया। श्रीलंका का दूसरा विकेट 14 के स्कोर गिर गया।  दिलरुवान परेरा (42) और एंजेलो मैथ्यूज (नाबाद 57) ने तीसरे विकेट के लिए 61 रनों की  साझेदारी की। 
परेरा को लेफ्ट आर्म स्पिनर रवीन्द्र जडेजा ने पगबाधा किया। मैथ्यूज ने इसके बाद कप्तान दिनेश चांदीमल के साथ शेष खेल सुरक्षित निकाल लिया। मैथ्यूज ने ऑफ स्पिनर  रविचन्द्रन अश्विन पर लगातार 2 छक्के मारकर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। 
 
विराट और शिखर धवन ने स्लीप में 2 आसान कैच टपकाए वरना श्रीलंका की हालत और ज्यादा खराब हो सकती थी। स्टंप्स के समय मैथ्यूज 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से  57 और चांदीमल 3 चौकों के सहारे 25 रन बनाकर क्रीज पर थे। दोनों ने चौथे विकेट की  नाबाद साझेदारी में 56 रन जोड़ दिए। 
 
मैच का दूसरा दिन बड़ा ही दिलचस्प रहा। पहले और आखिरी सत्र में प्रदूषण की कोई शिकायत नहीं हुई लेकिन दूसरे सत्र में 7 श्रीलंकाई खिलाड़ी मास्क पहनकर मैदान में उतरे  और उन्होंने 3-4 बार प्रदूषण को लेकर अपनी परेशानी बताते हुए मैच रुकवाया। इसी  चक्कर में भारतीय कप्तान विराट की एकाग्रता भंग हुई और वे 243 रन बनाकर पगबाधा  हो गए, वरना वे जिस तरह से खेल रहे थे उससे वे अपना तिहरा शतक पूरा कर सकते थे। 
 
विराट ने न केवल अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया बल्कि कोटला मैदान पर साल पुराना न्यूजीलैंड के बर्ट सटक्लिफ का नाबाद 230 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।  विराट ने भारतीय पारी घोषित करने के बाद चायकाल तक के खेल और दिन के बाकी खेल  में यह साबित करने की कोशिश की कि प्रदूषण उतनी बड़ी समस्या नहीं है जितना कि  श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने इसे बना दिया। 
 
जो श्रीलंकाई खिलाड़ी क्षेत्ररक्षण करते समय बार-बार हांफते नजर आ रहे थे उन्हीं खिलाड़ियों को बल्लेबाजी के समय कोई 'परेशानी' नहीं हुई। विराट के तिहरे शतक के लिए मौजूद  दर्शकों ने उनके आउट होने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों की काफी हूटिंग भी की। 
 
कप्तान विराट कोहली (243) के विश्व रिकॉर्ड दोहरे शतक की बदौलत भारत लंच तक का स्कोर बना चुका था। लंच के बाद जब खेल शुरू हुआ तो करीब 1 घंटे बाद ही श्रीलंकाई  खिलाड़ियों ने प्रदूषण को लेकर बार-बार शिकायत करनी शुरू की जिससे खेल रुकता रहा।
 
श्रीलंकाई खिलाड़ियों की पहली बार शिकायत पर प्रदूषण के कारण करीब 20 मिनट तक खेल रुका रहा। श्रीलंका के 5-6 खिलाड़ी लंच के बाद बाकायदा मास्क पहनकर मैदान में  उतरे थे। खेल जब शुरू हुआ तो थोड़ी देर बाद फिर श्रीलंकाई खिलाड़ी प्रदूषण को लेकर  अंपायर के पास पहुंच गए। फिर कुछ देर के लिए खेल रुक गया।
 
भारतीय ड्रेसिंग रूम में बैठे टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री श्रीलंकाई खिलाड़ियों के इस रवैए से बेहद नाराज दिखाई दे रहे थे। खेल एक बार फिर शुरू हुआ लेकिन चंद गेंदों बाद  ही दोबारा खेल रोक देना पड़ा। आखिर विराट ने ड्रेसिंग रूम से पारी घोषित करने का इशारा  करते हुए हाथों से दिखाया कि टीम अब गेंदबाजी करने को तैयार है। 
 
इस तरह भारत की पहली पारी 127.5 ओवरों में 7 विकेट पर 536 के स्कोर पर घोषित हो गई। विराट ने 287 गेदों पर 25 चौकों की मदद से 243 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली।  विराट का इस सीरीज में यह लगातार दूसरा दोहरा शतक और ओवरऑल 6ठा दोहरा शतक  था। विराट ने इसके साथ ही कप्तान के रूप में 6 दोहरे शतक बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड  कायम कर दिया है।
 
भारत ने सुबह शनिवार के 4 विकेट पर 371 रनों से आगे खेलना शुरू किया। विराट ने 156 और रोहित शर्मा ने 6 रनों से भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। श्रीलंका ने 6 ओवर बाद  दूसरी गेंद ले ली। विराट ने दूसरी नई गेंद पर सुरंगा लकमल का स्वागत चौका मारकर  किया और इसके साथ ही भारत के 400 रन पूरे कर दिए। विराट और रोहित ने सुबह के  पहले घंटे में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और पहले घंटे में 71 रन जोड़ डाले।
 
रोहित ने करारे तेवर दिखाए और 'चाइनामैन' गेंदबाज लक्षण संदकण की गेंद पर शानदार छक्का मारा। विराट जब 195 रन पर थे तो ऑफ स्पिनर दिलरुवान परेरा ने उनके खिलाफ  पगबाधा के लिए रेफरल लिया लेकिन श्रीलंका का रेफरल बेकार गया। कुछ देर बाद विराट  ने 2 रन लेकर अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया। उन्होंने 200 रन के लिए 349 मिनट  क्रीज पर गुजारे और 238 गेंदों में 20 चौके लगाए।
 
दूसरी तरफ रोहित ने अपने 50 रन 109 मिनट में 88 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से पूरे कर लिए। रोहित ने चौका मारकर भारत के 500 रन भी पूरे  किए। लेकिन अगली ही गेंद पर वे विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों लपके गए।  रोहित का विकेट भी संदकण ने लिया।
 
लंच से पहले के आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित का विकेट गिरने के साथ ही लंच भी हो गया। रोहित ने 102 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए।  लंच के समय कप्तान विराट 266 गेंदों में 23 चौकों के सहारे 225 रन बनाकर क्रीज पर  थे। भारत ने सुबह 2 घंटे के खेल में 129 रन जोड़े।
 
लंच के बाद खेल सुचारु रूप से चल रहा था कि तभी कुछ देर बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी ने प्रदूषण को लेकर आपत्ति उठानी शुरू कर दी। श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांदीमल, एंजेलो  मैथ्यूज, दिलरुवान परेरा, धनंजय डी सिल्वा और सुरंगा लकमल मास्क पहनकर मैदान पर  उतरे थे।
 
प्रदूषण को लेकर जब पहली बार करीब 20 मिनट तक खेल रुका तो फिर खेल शुरू होने के बाद पहली ही गेंद पर रविचन्द्रन अश्विन लाहिरु गमागे की गेंद पर परेरा को कैच थमा  बैठे। अश्विन ने 4 रन बनाए। श्रीलंकाई खिलाड़ियों की प्रदूषण पर बार-बार आपत्ति के  चलते कप्तान विराट भी अपनी एकाग्रता खो बैठे और संदकण की गेंद पर पगबाधा हो गए,  हालांकि विराट ने रेफरल लिया लेकिन गेंद लेग स्टंप्स को हिट कर रही थी।
 
विराट ने पैवेलियन लौटते समय अपना बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। विराट 430 मिनट क्रीज पर रहे। उन्होंने 287 गेंदों का सामना किया और 243 रनों में 25  चौके लगाए। विराट जिस तरह खेल रहे थे उससे वे रविवार को तिहरे शतक के लिए  प्रतिबद्ध दिखाई दे रहे थे लेकिन एकाग्रता टूटना उनके लिए भारी पड़ गया। कमेंट्री कर रहे  वीरेंद्र सहवाग ने भी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के इस रवैए पर नाराजगी जताई।
 
अश्विन का विकेट 519 के स्कोर और विराट का विकेट 523 रन के स्कोर पर गिरा। इसके जब भारत का स्कोर 536 रन था तो फिर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने प्रदूषण मुद्दा उठाया और  इस बार विराट ने पारी ही घोषित कर दी। रिद्धिमान साहा 9 और रवीन्द्र जडेजा नाबाद 5 रन पर लौटे।  श्रीलंका की तरफ से संदकण ने 33.5 ओवरों में 167 रन देकर 4 विकेट, गमागे ने 25.3  ओवरों में 95 रन पर 2 विकेट और परेरा ने 31.1 ओवरों में 145 रन पर 1 विकेट लिया। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी