Team India के उपकप्तान Rohit Sharma और महिला टीम की Smriti Mandhana बने साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

मंगलवार, 14 जनवरी 2020 (18:59 IST)
मुंबई। भारत के सीमित ओवरों के उपकप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज स्मृति मंधाना को स्पोर्ट्सस्टार एसिस अवार्ड्स में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला क्रिकेटर का पुरस्कार मिला है जबकि भारतीय टेस्ट टीम को टीम ऑफ द ईयर का अवार्ड मिला है। 
 
यह पुरस्कार समारोह शनिवार रात आयोजित हुआ था जिसमें विभिन्न खेलों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को अवार्ड से सम्मानित किया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने भारतीय टेस्ट टीम को अवार्ड प्रदान किया। 
 
विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में पिछले 71 वर्षों में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का इतिहास रचा था। भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने टीम की तरफ से यह पुरस्कार ग्रहण किया। 
 
रोहित को क्रिकेट में स्पोर्ट्समैन ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार मिला। रोहित ने 2019 में 28 वनडे मैचों में 1490 रन बनाए थे जिसमें विश्व कप में बनाए गए रिकॉर्ड 5 शतक शामिल हैं। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रोहित की तरफ से यह पुरस्कार ग्रहण किया। 
स्मृति मंधाना को क्रिकेट वर्ग में साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। मंधाना ने 2019 में वनडे मैचों में 423 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को चेयरमैन चॉयस अवार्ड दिया गया। स्मिथ की शानदार बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने एशेज पर अपना कब्जा बरकरार रखा था। 
 
रैकेट खेलों में बी साई प्रणीत सर्वश्रेष्ठ पुरुष और पीवी सिंधू सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बने। ट्रैक एंड फील्ड में 3000 मीटर के स्टीपलचेज धावक सर्वश्रेष्ठ पुरुष और भाला फेंक एथलीट अनु रानी सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बने। हॉकी में भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह और दीप ग्रेस एक्का को यह पुरस्कार मिला। 
 
पहलवान बजरंग पुनिया को अन्य व्यक्तिगत खेलों में सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया जबकि महिला वर्ग में ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी तथा निशानेबाज अपूर्वी चंदेला को यह पुरस्कार मिला। 
 
विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। शतरंज कोच आरबी रमेश और राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार मिला। आर प्रग्नानंदा (शतरंज) और निशानेबाज मेहुली घोष को सर्वश्रेष्ठ युवा एथलीट का पुरस्कार मिला। 
 
पैरा खेलों में बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और महिला डिस्कस थ्रोअर एकता भ्यान को पुरस्कार मिला। खेलों को प्रोत्साहन देने वाले सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार ओडिशा को लगातार दूसरे वर्ष मिला।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी