विराट-अनुष्का की शादी, ट्‍विटर पर दिग्गजों का उड़ा मजाक

मंगलवार, 12 दिसंबर 2017 (23:38 IST)
इटली के एक छोटे से गांव में 11 दिसंबर को भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का शर्मा विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। इस मौके के गवाह बने परिजन और चंद दोस्त...शादी के बाद से ही दोनों को देश-विदेश से सोशल मीडिया पर लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को इसका भी कोई मलाल नहीं है कि दोनों ने इस शादी को गुप्त रखा।


ट्‍विटर पर टीम इंडिया को ना बुलाए जाने को लेकर #Viratkibarat पर जमकर जोक्स ट्रेंड हो रहे हैं। रवि शास्त्री पर जो जोक बनाया है, वो तो व्हाट्‍सएप पर काफी शेयर हो रहा है। भारतीय टीम के चीफ कोच रवि शास्त्री ही नहीं बल्कि कई बड़े क्रिकेटरों पर भी यो यो फनी सिंह के अकाउंट से मजाकिया ट्‍वीट किए गए हैं।


विराट के बहुत करीबी रहे रवि शास्त्री को 'फूफा जी' बनाते हुए लिखा 'नाराज फूफा'। कपिल देव, सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर से लेकर वीरेंद्र सहवाग और धोनी के अलावा टीम इंडिया के कई वर्तमान खिलाड़ियों पर भी कटाक्ष किए गए हैं।


मंगलवार को व्हाट्‍सएप पर लोग मजे लेते हुए कई खयाली घोड़े तो दौड़ा ही रहे हैं साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष को भी विराट की शादी में लपेट लिया है।

व्हाट्‍सएप पर शेयर किए गए जोक की एक बानगी देखिए...मित्रों, विराट ने अनुष्का से शादी कर ली। मुझे नहीं बुलाया। ये पूरे गुजरात का अपमान है। पूरे गुजरात का। शादी भी यहां सोमनाथ में नहीं, इटली में की। क्या विराट और अनुष्का ईसाई हैं। क्या कांग्रेस से संबंध है। शादी कर ली और खाने में पिज्जा खाया। ये थेप्ले का अपमान है मित्रों।

एक संदेश खूब वायरल हुआ। इसमें कहा गया...'विराट की शादी में सिर्फ 50 मेहमान...इतने तो हमारे यहां शादी में रूठे रहते हैं। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की तस्वीर...जिसमें मोदी सूट में नजर आ रहे हैं मानों शादी के रिसेप्शन में हों। केप्शन है- विराट-अनुष्का की शादी में गुलाब जामुन ना मिलने से नाराज हैं उसके बड़े फूफाजी और छोटे फूफाजी।

ट्‍विटर पर एक तस्वीर आई, जिसमें पार्थिव पटेल कहा जा रहा है 'मेरे चाचू की शादी में जलुल जलुल आना।' विराट और अनुष्का की शादी इटली में सोमवार को भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे हुई। इस शादी में टीम इंडिया का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह इसलिए शादी में मौजूद थे, क्योंकि वे विराट के सबसे करीबी दोस्त हैं।

मंगलवार को विराट के फैंस ने उनके और अनुष्का के आधिकारिक ट्‍विटर अकाउंट से डाले गए संदेश व तस्वीरों को सराहा। यही नहीं, कई लड़कियों ने भी एक-दूसरे को मुंह बनाते हुए संदेश भेजे। लिखा कि अरे, विराट ने शादी कर ली, बताया भी नहीं...कई लड़कियां जो विराट पर मरती थीं और मैच के दौरान लव यू के पोस्टर लिए घंटों बैठी रहती थीं, उन्हें भी अनुष्का से जलन हो रही है, क्योंकि विराट को उनसे छीन लिया गया।

लड़कियां लिखती रहीं... विराट तुमने न जाने कितनी हसीनाओं का दिल तोड़ा है और इस दिल के टूटने की आवाज तक न सुन सके...। दिन से लेकर देर शाम तक विराट-अनुष्का की शादी को लेकर उनके फैंस अपने अंदाज में प्रतिक्रियां देते और बांटते रहे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी