पावर प्ले में मुंबई इंडियंस का कमाल

सोमवार, 12 अप्रैल 2010 (13:07 IST)
सुनील गावस्कर से लेकर कपिल देव और हरभजनसिंह तक यदि सचिन तेंडुलकर को आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चाहते थे तो उसका कारण यही है कि इस स्टार बल्लेबाज की मौजूदगी में मुंबई इंडियंस अब तक पावरप्ले का अच्छा फायदा उठाकर सबसे कम ओवरों में 50 रन तक पहुँची है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक 11 मैचों में 50 रन तक पहुँचने में औसत 5.4 ओवर लिए हैं जबकि पावरप्ले छह ओवर का होता है। लगातार हार के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी किंग्स इलेवन पंजाब का रिकार्ड इस मामले में भी बेकार है। उसकी टीम ने 50 रन तक पहुँचने के लिए लगभग 43 गेंद खर्च की।

मुंबई का यदि शुरुआती ओवरों में इतना बढ़िया रिकॉर्ड रहा तो उसका श्रेय तेंडुलकर को जाता है जिन्होंने अब तक 500 से अधिक रन बनाए हैं। उनकी टीम ने चार मैच में पाँच से भी कम ओवरों में 50 रन की संख्या को छुआ और इनमें से तीन मैच में तेंडुलकर ने क्रमश: 63, 71, और 72 रन की पारियाँ खेलीं।

तेंडुलकर की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मुंबई में केवल 26 गेंद पर 50 रन के पार पहुँच गई थी।

सबसे कम गेंद पर पचासा पूरा करने का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम पर है, जिसने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ जयपुर में इसके लिए केवल 23 गेंद खेली। वैसे रॉयल्स की टीम ने एक मैच में 50 रन तक पहुँचने में सबसे अधिक गेंद भी खेली। उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बेंगलुरु में 67 गेंद पर पचासा पूरा किया था। तब शेन वॉर्न की अगुवाई वाली टीम 92 रन पर सिमट गई थी।

राजस्थान हालाँकि अपने पहले 11 मैच में औसतन 6.2 ओवर में 50 रन तक पहुँची है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें