हमीरपुर लोकसभा सीट परिचय

हमीरपुर से भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर एकबार फिर से मैदान में हैं। वहीं, कांग्रेस ने वरिष्‍ठ नेता एवं नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर को अनुराग ठाकुर के खिलाफ मैदान में उतारा है। 

परिचय : निचली पहाड़ियों पर स्थित हिमाचल प्रदेश राज्‍य का एक प्रसिद्ध खूबसूरत ऐतिहासिक शहर है हमीरपुर। इस शहर का नाम काटोच राजा हमीरचंद के नाम पर रखा गया था। यहां का प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल और बाबा बालकनाथ का मंदिर देशभर में प्रसिद्ध है। यहां स्थित एनआईटी बेहतरीन एजुकेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पूरे भारत में जाना जाता है।

जनसंख्‍या : जनगणना 2011 के अनुसार यहां की कुल जनसंख्‍या 4 लाख 54 हजार 768 है, जिसमें 2 लाख 17 हजार 70 पुरुष और 2 लाख 37 हजार 698 महिलाएं हैं।
 
अर्थव्यवस्था : हमीरपुर की अर्थव्यवस्था कृषि के साथ कुछ लघु उद्योगों पर निर्भर है। इनमें मुख्य रूप से पर्यटन अहम है। यह शहर राज्य का शैक्षिक केंद्र भी माना जाता है। यहां पर कई शिक्षण संस्थाएं हैं। सर्दियों में ट्रैकिंग और कैंपिग के लिए यह तेजी से विकसित हो रहा है।
 
मतदाताओं की संख्‍या : लोकसभा चुनाव 2014 के मुताबिक यहां मतदाताओं की कुल संख्‍या 12 लाख 47 हजार 699 है, जिसमें 6 लाख 33 हजार 572 पुरुष और 6 लाख 14 हजार 126 महिलाएं हैं।
   
भौगोलिक स्थिति : हिमाचल प्रदेश का लगभग पूरा क्षेत्र सड़क मार्ग से हमीरपुर से जुड़ा हुआ है। पाइन के पेड़ों से घिरा यह शहर हिमाचल के अन्‍य शहरों से सामान्‍यत: कम ठंडा है।
 
16वीं लोकसभा में स्थिति : भाजपा के अनुराग ठाकुर यहां सांसद हैं। वे लोकसभा चुनाव 2014 में यहां से तीसरी बार विजयी हुए हैं। इस चुनाव में उन्‍होंने कांग्रेस के राजेंद्रसिंह राणा को पराजित किया था। इस सीट पर 1998 से भाजपा का कब्जा बना हुआ है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी