दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी के हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल और अचल संपत्ति 24 करोड़ रुपए की है, जिसमें 2014 की तुलना में 4.33 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। 2017-18 के आईटी रिटर्न के अनुसार उनकी आय 48.03 लाख रुपए है।
दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने अपने हलफनामे में 18 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति दर्शाई है, जिसमें पिछले पांच साल में करीब 3.5 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। बिधूड़ी और उनकी पत्नी ने 2017-18 में क्रमश: 16.72 लाख रुपए और 3.09 लाख रुपए की आय बताई है।
पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर पूर्व दिल्ली से कांग्रेस की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने मंगलवार को चुनावी हलफनामे में 4.92 करोड़ रुपए की संपत्ति की घोषणा की। 81 वर्षीय दीक्षित का निजामुद्दीन क्षेत्र में एक मकान है, जिसका बाजार मूल्य 1.88 करोड़ रुपए है।