कूचबिहार में 2 TMC कार्यकर्ताओं पर हमला, भाजपा पर लगा आरोप

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024 (07:49 IST)
Kuchbihar loksabha election : पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लोकसभा क्षेत्र में मतदान से कुछ घंटे पहले गुरुवार रात अज्ञात हमलावरों के हमले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 2 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

ALSO READ: live : 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान, भागवत ने नागपुर में डाला वोट
उत्तर बंगाल विकास मंत्री और टीएमसी के दिनहाटा से विधायक उदयन गुहा ने भाजपा पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता दिनहाटा में बूथ समिति अध्यक्ष के घर जा रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और उनपर धारदार हथियारों से हमला किया गया।
 
गुहा ने कहा कि भाजपा ने कूचबिहार लोकसभा सीट पर अपना आतंक फैलाने और डराने-धमकाने की रणनीति शुरू कर दी है। वे हमारे समर्थकों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं। जनता भाजपा को नकार कर उनके आतंक का जवाब देगी।
 
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल भेजा गया है और दोनों पक्षों के बीच किसी भी तरह की झड़प को रोकने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।
 
एक स्थानीय भाजपा नेता ने इस घटना में अपनी पार्टी की संलिप्तता से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह टीएमसी की आंतरिक कलह का मामला है। इसमें भाजपा शामिल नहीं है।
 
लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के तहत पश्चिम बंगाल की 3 सीटों कूच बिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में आज सुबह 7 बजे से मतदान चल रहा है। इससे पहले चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को कूच बिहार का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द करने की सलाह दी थी। आयोग का कहना है कि यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी