LS Election 2024: BJP ने बनाया विनय सहस्रबुद्धे, पूनिया और अरुण सिंह को चुनाव प्रभारी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 21 मार्च 2024 (15:38 IST)
Lok Sabha Election 2024 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य विनय सहस्रबुद्धे को राजस्थान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (राजस्थान) सतीश पूनिया को हरियाणा और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को आंध्रप्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।

ALSO READ: अमित शाह का दावा, BJP को UP में 2014 से अधिक लोकसभा सीटें मिलेंगी
 
नियुक्तियों को हरी झंडी दी : पार्टी की ओर से नई दिल्ली में जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है। भाजपा की महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर और दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा को सहस्रबुद्धे के साथ राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर को पूनिया के साथ हरियाणा का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

ALSO READ: सीताराम येचुरी बोले, लोकसभा चुनाव भारत के लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण
 
उत्तरप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह को अरुण सिंह के साथ आंध्रप्रदेश का सहप्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा हर चुनाव से पहले राज्यों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति करती रही है। ये चुनाव प्रभारी राज्यों के प्रमुख नेताओं और केंद्रीय नेताओं के बीच पुल का काम करते हैं और चुनावी मुद्दों से लेकर सांगठनिक कामकाज में अहम भूमिका निभाते हैं।
 
लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आने वाले दिनों में भाजपा की ओर से अन्य राज्यों के लिए भी चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू होंगे और 1 जून तक 7 चरणों में मतदान संपन्न होगा। मतगणना 4 जून को होगी।(भाषा)
 
Edited by : Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी