कांग्रेस शून्य पर आ खड़ी हुई और घिसे-पिटे एजेंडे को आगे बढ़ा रही: नड्डा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 3 मई 2024 (22:29 IST)
J.P. Nadda's sharp attack on Congress: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा (J.P. Nadda) ने शुक्रवार को अहमदाबाद में कहा कि कांग्रेस शून्य पर आकर खड़ी हो गई है और घिसे-पिटे एजेंडे को आगे बढ़ा रही है, क्योंकि वह (Narendra) मोदी सरकार की रिपोर्ट कार्ड, जवाबदेही और प्रदर्शन की राजनीति में खुद को अक्षम पा रही है।
 
मोदी के नेतृत्व में राजनीतिक संस्कृति और कार्यशैली में बदलाव आया : भाजपा द्वारा यहां आयोजित अहम मतदाताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीतिक संस्कृति और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आया है।

ALSO READ: चुनावी सभा में बोले नड्डा, मोदी सरकार ने सीमा पर हर मौसम में काम आने वाली सड़कें बनाईं
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने से पहले आम लोगों के बीच सामान्य विमर्श था कि कुछ भी बदलने वाला नहीं है और सब कुछ पहले की तरह ही चलता रहेगा। राजनीतिक नजरिए से देखें तो जो पहले था वह तुष्टिकरण, विभाजन और जाति की राजनीति थी।
 
विकास एवं समावेशी विकास की राजनीति शुरू हुई : राज्यसभा सदस्य नड्डा ने कहा कि 10 साल पहले बांटो और शासन करो, तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति एक सच्चाई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इनको चुनौती दी और देश में रिपोर्ट कार्ड, राजनीतिक जवाबदेही और राजनीतिक प्रदर्शन के साथ-साथ विकास एवं समावेशी विकास की राजनीति शुरू हुई।

ALSO READ: भाजपा अध्यक्ष नड्डा बोले, क्या लोगों को डराकर चुनाव जीतना चाहती हैं ममता बनर्जी?
 
कांग्रेस पार्टी शून्य पर आकर खड़ी हो गई : नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विश्वास दिया और प्रत्येक व्यक्ति मानता है कि भारत बेहतरी के लिए बदला है। उन्होंने कहा कि देश विकसित राष्ट्र बनने की राह पर अग्रसर है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शून्य पर आकर खड़ी हो गई है। उसके पास एजेंडे की कमी है और वह उन्हीं घिसे-पिटे एजेंडे पर चल रही है। यह इसलिए है, क्योंकि वह इस (नई) राजनीति के लिए खुद को अक्षम मान रही है। वह खड़ी नहीं हो सकती। उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।

ALSO READ: नड्डा ने साधा इंडिया गठबंधन पर निशाना, कहा इन्हें आम जनता से कोई लेना-देना नहीं
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा और प्रधानमंत्री ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का दौरा किया तो कांग्रेस ने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी का निर्माण उसके शासनकाल में हुआ था। उन्होंने कहा कि अच्छा ठीक है, लेकिन आपने (कांग्रेस) किया क्या? यही अंतर है। हमने प्रदर्शन, जवाबदेही और जिम्मेदारी देखी है। हमने यह सब देखा है और हमने मोदी के नेतृत्व में अग्रसक्रिय, अग्र जवाबदेह और जनहितकारी राजनीति देखी है।
 
आज भारत सभी वैश्विक मंचों का सदस्य या आमंत्रित सदस्य : भाजपा अध्यक्ष के मुताबिक आज भारत सभी वैश्विक मंचों का सदस्य या आमंत्रित सदस्य है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के समक्ष बदली तस्वीर है। आपने देखा है कि कैसे वैश्विक नेता प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा करते हैं और उनका नेतृत्व दुनिया में योगदान दे रहा है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी