Lok Sabha Elections 2024 : छठे चरण में 58 सीटों पर 59 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, बंगाल में मामूली झड़प, दिल्ली में EVM में आई खराबी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 25 मई 2024 (22:53 IST)
Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव के 6ठे चरण में 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 58 निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार को 59.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल के जंगल महल क्षेत्र में 78.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पश्चिम बंगाल से मामूली झड़प और विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आईं जबकि दिल्ली समेत कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी की घटनाएं हुईं।
ALSO READ: PM मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रियंका गांधी और डिम्पल यादव का रोड शो, उमड़ा जनसैलाब
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शाम 7.45 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में 62.74 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 54.03 प्रतिशत, बिहार में 53.30 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर में 52.28 प्रतिशत, हरियाणा में 58.37 प्रतिशत, ओडिशा में 60.07 और दिल्ली में 54.48 प्रतिशत मतदान हुआ।
 
आयोग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर मतदान प्रतिशत कई दशकों में सबसे अधिक रहा है। इस चरण के समापन के साथ अब 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 486 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। सात चरण में से आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होना है और मतगणना 4 जून को होगी।
 
भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में कई मतदान केंद्रों पर ठंडे पानी, कूलर, पंखे और तंबू की व्यवस्था की गई थी। बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता के लिए व्हीलचेयर भी रखी गई थीं। आयोग ने अपने अधिकारियों और राज्य मशीनरी को गर्म मौसम के प्रतिकूल प्रभाव से निपटने के लिए पर्याप्त उपाय करने का निर्देश दिया था। इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता थे जिनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिला और 5120 तृतीय लिंग के वोटर थे। आयोग ने 1.14 लाख मतदान केंद्रों पर लगभग 11.4 लाख अधिकारियों को तैनात किया था।
ALSO READ: Lok Sabha Election 2024: EC ने जारी किया 5 चरणों के मतदान का ब्योरा, दिया हर शंका का जवाब
जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग-राजौरी सीट से चुनाव लड़ रहीं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदान एजेंट को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के खिलाफ अनंतनाग जिले में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिजबेहरा पुलिस थाने के बाहर धरना दिया।
 
मुफ्ती ने यह भी दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर से फोन करने की (आउटगोइंग कॉल) सुविधा बिना किसी स्पष्टीकरण के निलंबित कर दी गई है। हालांकि पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोग 'ओवरग्राउंड वर्कर' (ओजीडब्ल्यू) हैं और यह कार्रवाई चुनाव का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए की गई है। महबूबा की बेटी और पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन क्षेत्र के एक बूथ पर मतदान जानबूझकर धीमा कराया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने इस आरोप से इनकार किया है।
 
राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्रियों एस जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी, कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी और पूर्वी दिल्ली के निवर्तमान सांसद गौतम गंभीर उन मतदाताओं में शामिल रहे जिन्होंने मतदान की शुरुआत में वोट डाला।
 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता बृंदा करात ने आरोप लगाया कि उन्हें वोट डालने के लिए लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा, क्योंकि उनके मतदान केंद्र पर ईवीएम नियंत्रण इकाई की बैटरी खत्म हो गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बाद में कहा कि बैटरी 15 मिनट के अंदर बदल दी गई।
 
दिल्ली की सभी 7 सीट के अलावा, उत्तरप्रदेश की 14 सीट, हरियाणा की सभी 10 सीट, बिहार और पश्चिम बंगाल की 8-8 सीट, ओडिशा की 6 सीट, झारखंड की 4 सीट और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान हुआ। इसके अलावा ओडिशा में 42 विधानसभा सीट और हरियाणा में करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ।
ALSO READ: हिमाचल की एक सभा में बोले अमित शाह, POK हमारा है और हम उसे लेकर ही रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।
 
हरियाणा में करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर और करनाल विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने-अपने बूथ पर शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे। सैनी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला जिले के नारायणगढ़ में अपने पैतृक गांव मीरजापुर माजरा में वोट डाला। खट्टर ने करनाल के प्रेम नगर में एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
 
पश्चिम बंगाल में पांच जिलों में फैले आदिवासी बहुल जंगल महल क्षेत्र में मतदान हुआ। इस क्षेत्र में तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बिष्णुपुर सीट आती हैं। साल 2019 के चुनावों में 8 सीट में से भाजपा ने 5 और टीएमसी ने 3 सीट जीती थीं।
 
पोलिंग एजेंटों को बूथों में प्रवेश करने से रोकने को लेकर घाटल निर्वाचन क्षेत्र में टीएमसी और भाजपा के समर्थकों के बीच मामूली झड़पें हुईं। मेदिनीपुर निर्वाचन क्षेत्र में, भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल को टीएमसी कार्यकर्ताओं के वापस जाओ नारे का सामना करना पड़ा। इसके बाद भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। तमलुक में मतदान केंद्र पर पहुंचने पर लोगों के एक समूह ने भाजपा उम्मीदवार और कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय के खिलाफ नारे लगाए।
 
उत्तरप्रदेश में सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही सीटों पर मतदान हुआ। झारखंड के गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में 40.09 लाख महिलाओं समेत लगभग 82.16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र थे।
 
रांची के शहरी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने मतदाताओं को मुफ्त लाने ले जाने की सुविधा प्रदान करने के लिए बाइक-टैक्सी सेवा के साथ करार किया। बिहार में 8 लोकसभा सीट-वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में कुल 86 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
ALSO READ: झारखंड में मतदाताओं को प्रेरित कर रहा महिला हॉकी थीम वाला मतदान केंद्र
अधिकारियों ने कहा कि राज्य में मतदान प्रक्रिया में व्यवधान पैदा करने का प्रयास करने के आरोप में 107 लोगों को गिरफ्तार किया गया या हिरासत में लिया गया। सुरक्षा बलों ने दिन में 8 संसदीय क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों से 2.86 करोड़ रुपए नकदी और 9.46 करोड़ रुपए मूल्य की 3.53 लाख लीटर शराब जब्त की। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी