कैलाश विजयवर्गीय ने कहा अमित शाह दिन में लोगों को तारे दिखा देते हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को बताया शेर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 13 अप्रैल 2024 (13:25 IST)
Kailash vijayvargiya news in hindi : वरिष्‍ठ भाजपा नेता कैलाश विजवर्गीय लोकसभा चुनाव में कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में भाजपा को जिताने के लिए जुटे हुए हैं। उन्होंने यहां भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए गृहमंत्री अमित शाह को खतरनाक आदमी करार दिया। उन्होंने कहा कि अमित शाह दिन में लोगों को तारे दिखा देते हैं। 

ALSO READ: इमरान मसूद का विवादित बयान, भाजपा सत्ता आई तो पहले तुम्हारा और मेरा इलाज
कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता शेर हैं। साथ में उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है।
 
इसमें मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजयवर्गीय यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि गृहमंत्री अमित शाह को जानते हो आप। वे ऐसे खतरनाक आदमी हैं कि दिन में लोगों को तारे दिखा देते हैं। उनका दिन में छिंदवाड़ा आने का मतलब यही है कि निडर बनकर, शेर बनकर कार्य करिए। गृहमंत्री यही संदेश देने आए हैं। प्रधानमंत्री भी यही संदेश दे रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता शेर है। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भी यही नारा लगाते हैं।
 
उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने मध्यप्रदेश की 29 सीटों में से 28 सीटें जीती थीं। छिंदवाड़ा में नकुलनाथ ने कांग्रेस को जीत दिलाई थी। इस बार पार्टी राज्य में क्लीन स्वीप करना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने खास प्लान तैयार किया है। कमलनाथ के कई करीबी नेताओं को भाजपा में शामिल किया गया है।

ALSO READ: भोपाल में मुस्लिम समाज ने लगाया अबकी बार 400 पार का नारा, मस्जिद में लहराए मोदी के पोस्टर
2024 के लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस ने कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को टिकट दिया है। उनका मुकाबला भाजपा के विवेक बंटी साहू से है। छिंदवाड़ा को कमलनाथ का अभेद्य गढ़ माना जाता रहा है। पिछले 2 विधानसभा चुनावों में छिंदवाड़ा की सात में से सात सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों को जीत मिली थी।  
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी