दिल्ली में वोटिंग का उत्साह, राष्‍ट्रपति मुर्मू समेत कई दिग्गजों ने किया मतदान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 25 मई 2024 (10:49 IST)
Voting in Delhi : लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की 7 संसदीय सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोट डाले जा रहे हैं। सुबह-सुबह मतदान करने वालों में केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली की मंत्री आतिशी, पूर्वी दिल्ली के निवर्तमान सांसद गौतम गंभीर और विभिन्न दलों के उम्मीदवार शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में अपना वोट डाला। ALSO READ: छठे चरण के लिए 58 सीटों पर मतदान का उत्साह, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
 
दिल्ली में येलो अलर्ट : मौसम विभाग ने दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। दिल्ली चुनाव निकाय ने कहा है कि उसने भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाताओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।
 
लोगों को सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले ही सात निर्वाचन क्षेत्रों में 13,000 से अधिक मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े देखा गया।
 
दिग्गजों में उत्साह : केंद्रीय मंत्री जयशंकर ने नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में एपीजे अब्दुल कलाम लेन पर अटल आदर्श विद्यालय में सबसे पहले मतदान किया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए आएं क्योंकि यह देश के लिए एक बड़ा निर्णय लेने का समय है।’’
 
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी पत्नी सहित नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के आनंद निकेतन स्थित माउंट कार्मेल स्कूल पहुंचे और अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि द्वार खुलने से आधे घंटे पहले मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेना बहुत अच्छा एहसास है।
 
आतिशी ने दक्षिणी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के कालकाजी बी ब्लॉक स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में वोट डाला तो पूर्व सांसद गौतम गंभीर ने सरकारी सर्वोदय कन्या विद्यालय में वोट डालने के बाद लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।
 
दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सही राम पहलवान, चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल और नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज भी मतदान की शुरुआत में ही वोट डालने वाले मतदाताओं में शामिल रहे। ALSO READ: anantnag loksabha election : अनंतनाग में मतदान, क्यों भड़कीं PDP नेता महबूबा मुफ्ती?
 
1.52 करोड़ मतदाता : राष्‍ट्रीय राजधानी में 82 लाख पुरुषों, 69 लाख महिलाओं और 1,228 ट्रांसजेंडर समेत कुल 1.52 करोड़ मतदाता सात निर्वाचन क्षेत्रों में 13,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पात्र हैं। इस बार शहर में 2.52 लाख से अधिक मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे।

केजरीवाल की अपील : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से मतदान करने की अपील की। केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं सभी मतदाता भाइयों और बहनों से अपील करता हूं कि वोट जरूर डालकर आएं। अपने परिवार, सगे-सम्बंधियों और मित्रों से भी वोट करने के लिए कहें।'
 
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में आपका एक-एक वोट तानाशाही सोच के खिलाफ भारत के लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने के लिए होगा। मतदान केंद्र पर जाइए और अपने वोट से बता दीजिए कि भारत में जनतंत्र है और जनतंत्र ही रहेगा।

पहली बार कांग्रेस और आप साथ : विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस दिल्ली में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। सीट बंटवारे की व्यवस्था के तहत ‘आप’ चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है।
 
आप ने पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा, नई दिल्ली से सोमनाथ भारती और दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने चांदनी चौक सीट से जे पी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को उम्मीदवार बनाया है।
 
भाजपा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। वह दिल्ली से एकमात्र मौजूदा सांसद हैं जिन्हें पार्टी ने दोबारा मैदान में उतारा है। इसके अलावा पार्टी ने दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, नयी दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पूर्वी दिल्ली से हर्ष दीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिम दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को उम्मीदवार बनाया है।

उल्लेखनीय है कि 2014 और 2019 के आम चुनावों में भाजपा को दिल्ली की सभी सात सीट पर भारी अंतर से जीत मिली थी। वह लगातार तीसरी बार सभी सीट पर जीत दर्ज करने का प्रयास कर रही है।
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी