Lok Sabha Election 2024 : TMC नेता अभिषेक बनर्जी BJP को लेकर क्या बोले?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 27 अप्रैल 2024 (19:57 IST)
Lok Sabha Election 2024: दुबराजपुर (पश्चिम बंगाल)। तृणमूल कांग्रेस (TMC)के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) बंगाल के लोकाचार के खिलाफ है और लोगों से भाजपा को खारिज करने का आह्वान किया।
 
बीरभूम जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अभी तक राज्य के गरीब जॉब कार्ड धारकों की 100 दिन की मजदूरी के लिए धन जारी नहीं किया है।

ALSO READ: अजित पवार बोले, लोकसभा चुनाव देश का भविष्य तय करेगा, बारामती में ननद भौजाई आमने सामने
 
अभिषेक ने कहा कि भाजपा को वोट न दें : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने कहा कि भाजपा को वोट न दें। वे बंगाल विरोधी हैं। वे स्वामी विवेकानन्द जैसे विभूतियों का सम्मान नहीं करते, वे ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ देते हैं, वे नहीं जानते कि रवीन्द्रनाथ टैगोर का जन्म कहां हुआ था। उनके द्वारा नियुक्त लोग अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन जैसे बंगाल के गौरव को बेदखल करने की कोशिश करते हैं।

ALSO READ: लोकसभा चुनाव में भाजपा के गढ़ मध्यप्रदेश में कम क्यों हो रही वोटिंग?
 
मनरेगा का कोई श्वेत पत्र क्यों जारी नहीं किया? : उन्होंने मांग की कि आपने (भाजपा) इस (मनरेगा का कोष जारी करने) पर कोई श्वेत पत्र क्यों जारी नहीं किया। आप श्वेत पत्र की हमारी मांग पर चुप क्यों हैं जिसमें विवरण होगा कि क्या वास्तव में लाखों जॉब कार्ड धारक लोगों के लिए कोई धनराशि जारी की गई थी जिन्होंने ग्रामीण विकास परियोजनाओं के लिए वर्षों तक कड़ी मेहनत की, फिर भी उन्हें केंद्र से एक भी पैसा नहीं मिला है।
 
रसोई गैस 400 से 1,000 रुपए तक पहुंची : बनर्जी ने कहा कि 2014 से पहले रसोई गैस की कीमत प्रति सिलेंडर 400 रुपए थी। अब यह 1,000 रुपए तक पहुंच गई है। अगर ट्रेलर ऐसे अच्छे दिन के लक्षण दिखाता है, तो भगवान जानता है कि असली फिल्म क्या होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कन्याश्री, रूपश्री, लक्ष्मी भंडार समेत कई सामाजिक कल्याण योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के हर किसी के बैंक खाते में 15 लाख रुपए पहुंचाने के वादे अभी भी अधूरे हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी