केन्द्र में राजग बनाएगा सरकार-राजनाथ

शुक्रवार, 1 मई 2009 (00:29 IST)
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथसिंह ने लोकसभा चुनाव में भाजपानीत राजग को पूर्ण बहुमत मिलने का भरोसा जताते हुए कहा कि केंद्र में अगली सरकार राजग की बनेगी, मगर वे सरकार में शामिल होने के बजाय पार्टी संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सिंह ने राजभवन के सामने लोक निर्माण भवन मतदान केन्द्र पर मतदान करने के बाद दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों के मतदान में राजग ने संप्रग पर बढ़त बना ली है और राजग को पूर्ण बहुमत मिलना तय है।

सरकार में शामिल होने की संभावना पर सिंह ने कहा कि हालाँकि यह निर्णय पार्टी करेगी, मगर वे स्वयं सरकार में शामिल होने के बजाय पार्टी संगठन के लिए काम करना चाहेंगे।

इस सवाल पर कि क्या वे पार्टी संगठन की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही सरकार में भी शामिल नहीं हो सकते, सिंह ने हँसते हुए कहा कि दोहरी जिम्मेदारी लेकर अपने दायित्व के साथ न्याय कर पाना कठिन होता है।

उत्तरप्रदेश में पार्टी को पुन: स्थापित करने की योजनाओं के बारे में पूछने पर सिंह ने कहा कि उत्तरप्रदेश में पार्टी पुन: स्थापित हो चुकी है और यह बात चुनाव परिणाम आने पर सिद्ध हो जाएगी।

अफजल को तीन माह में फाँसदेंगे : सिंह ने कहा कि पार्टी के केन्द्र में सत्ता में आने पर तीन महीने के अंदर आतंकवादी अफजल को फाँसी की सजा दे दी जाएगी।

भाजपा प्रत्याशी राजा अरिदमनसिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवादी गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। वर्ग विशेष का वोट पाने के लिए ही संसद पर हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु को फाँसी नहीं दी जा रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि तीनों दल सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए राजनीति करते हैं। इन दलों को देश की समस्याओं की कतई चिंता नहीं है।

वेबदुनिया पर पढ़ें