रेप के मामले में फरार कांग्रेस विधायक के बेटे पर 25 हजार का इनाम, गृहमंत्री की चेतावनी, हाजिर नहीं हुआ तो कार्रवाई बनेगी नजीर

विकास सिंह

बुधवार, 20 अक्टूबर 2021 (12:00 IST)
भोपाल। उज्जैन के बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के रेप के मामले में फरार चल रहे बेटे करण मोरवाल पर ईनाम अब 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार किया जा रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने इंदौर आईजी को करण मोरवाल पर इनाम बढ़ाने के निर्देश दिए है।

इसके साथ ही गृहमंत्री ने चेतावनी दी है कि अगर कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे ने दो दिन में सरेंडर नहीं किया तो ऐसी कार्रवाई करेंगे जो प्रदेश में नजीर बन जाएगी। गृहमंत्री ने कहा मेरी कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल से प्रार्थना है कि बेटे को एक दो दिन में हाजिर कर दें, कुर्की और डिमोलेशन की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
 
वहीं पुलिस ने कांग्रेस विधायक पर दबाव बढ़ा दिया है। मंगलवार को पुलिस ने कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के छोटे बेटे शिवम से पूछताछ की। वहीं कांग्रेस विधायक भी पलासिया थाने पहुंचे थे।
 
गौरतलब है कि बड़नगर से कांग्रेस विधायर मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल पर उनकी ही पार्टी कांग्रेस की एक स्थानीय नेत्री ने रेप का केस दर्ज कराया है। रेप का केस दर्ज होने के बाद पिछले करीब 6 महीने से कांग्रेस विधायक का बेटा फरार चल रहा है। इस मामले में कांग्रेस नेत्री और आरोपी करण मोरवाल के कई ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वहीं पिछले दिनों कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तनखा और पीड़िता के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई थी और भाजपा ने कमलनाथ और दिग्विजय को घेरा था। 
 
कांग्रेस विधायक के बेटे करण मोरवाल पर कांग्रेस नेत्री ने 2 अप्रैल 2021 को दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि 14 फरवरी को करण ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर करण मोरवाल ने कई बार उसके साथ ज्यादती की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने करण के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की लेकिन वह हाथ नहीं आया। 
 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी