सीहोर से भाजपा विधायक सुदेश राय का गाली देते हुए एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा विधायक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाली और खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा विधायक ने जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाली दी तब वहां पर बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
दरअसल सोमवार को सीहोर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विवादित बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जिसमें भाजपा विधायक सुदेश राय भी शामिल हुए थे। कांग्रेस के जिला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और जमकर बहसबाजी भी होने लगी और देखते ही देखते हाथापाई होने लगी। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल भाजपा विधायक अपना आपा खो बेटे और गालियां दे बैठे। भाजपा विधायक जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाली दे रहे थे तब बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी वहां मौजूद थे।
भाजपा विधायक के गाली देने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भाजपा विधायक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाली देने का वीडियो को लेकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा। कांग्रेस ने भाजपा के चाल चरित्र पर सवाल उठाया है। गौरलतब है कि भाजपा विधायक सुदेश राय की छवि एक बाहुबली विधायक की है और वह कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए है। सुदेश राय तीसरी बार सीहोर से विधायक चुने गए है।